महाराष्ट्र के स्कूल में 82 छात्रों के आधे बाल काटे: बच्चे खेल रहे थे इसलिए सुपरिटेंडेंट को आया गुस्सा; सजा के तौर ऐसा किया
Published:
2 min read

जब कटिंग सेशन हो रहा था, तब बच्चे गेम खेल रहे थे, इससे नाराज स्कूल सुपरिटेंडेंट ने उनके आधे-अधूरे बाल कटवा दिए।
नेशनल डेस्क. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सरकारी आश्रम स्कूल में बच्चों के सिर के आधे बाल काट दिए। 82 छात्रों को यह सजा इसलिए दी गई, बच्चे बाल कटवाने के इंतजार के दौरान खेल रहे थे। यह घटना शनिवार को चिमूर तालुका के जांभुलघाट स्थित एक सरकारी सेकेंडरी आश्रम स्कूल में हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ छात्र हेयरकट के दौरान खेल रहे थे। इससे नाराज स्कूल सुपरिटेंडेंट ने बाल काटने वाले को बच्चों के आधे बाल काटने के आदेश दे दिए। यह अजीब सजा तब सामने आई जब छात्रों की टेढ़ी-मेढ़ी और आधी-अधूरी मुंडी हुई हेयरस्टाइल वाली तस्वीरें सामने आईं, जिससे माता-पिता में गुस्सा फैल गया।
ट्रिमर से काटे बाल
खबरों के मुताबिक, छात्रों के बाल ट्रिमर से काटे गए, जिससे उनके बाल बेतरतीब हो गए। छात्रों की तस्वीरें सामने आने के बाद अभिभावकों में चिंता फैल गई। उच्च अधिकारियों को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने स्कूल में संपर्क किया औक सभी बच्चों के बाल एक जैसे करने के लिए कहा। इसके बाद देर रात फिर से बच्चों की कटिंग की गई।
खबरों के मुताबिक, यह प्रक्रिया रात करीब 11 बजे शुरू हुई, जब कुछ छात्र सोने की तैयारी कर रहे थे और रविवार सुबह करीब 4 बजे तक चलती रही।
यह खबर भी पढ़ें
महाराष्ट्र में अस्पताल में आग लगने से 3 नवजातों की मौत: वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद लगी आग; हादसे के वक्त 39 बच्चे एडमिट थे
सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस
खबरों के मुताबिक, स्कूल सुपरिटेंडेंट प्रशांत मेश्राम ने बचाव करते हुए कहा- यह छात्रों के हित में किया गया और इसके पीछे कोई गलत इरादा नहीं था। उन्होंने कहा- बारिश की वजह से छात्र कुछ समय से बाल नहीं कटवा पा रहे। हालांकि स्कूल प्रिंसिपल प्रशांत गिरी ने सुपरिटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पैरेंट्स का कहना है कि यह मामला सिर्फ शो-कॉज नोटिस तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है।

