कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैवलर बस नाले में गिरी: 8 की मौत, 17 घायल; भोपाल से खाटू श्याम जा रहे थे लोग
Published:
2 min read

आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को झपकी लगने के बाद ट्रैवलर अनियंंत्रित हो गया। हादसे में ड्राइवर की भी मौत हो गई।
नेशनल डेस्क. राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैवलर बस नाले में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हैं। यह हादसा शनिवार सुबह हुआ। ट्रैवलर में मौजूद लोग भोपाल से खाटू श्याम जा रहे थे।
हादसे के बाद घायलों को MBS अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और IG हरेंद्र महावर भी MBS अस्पताल पहुंचे हैं। हादसे में 5 महिलाओं की मौत हुई है। मृतकों के नाम अर्जुन, वैष्णवी, त्रिषा, कृष्णा, अनिता, ओम, सूर्यवंशी और राजू हैं। इस हादसे में ड्राइवर की भी मौत हुई है।
लोकसभा स्पीकर ने की घायलों से मुलाकात
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला घायल हुए लोगों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा- दुखद घटना है। इस घटना की पूरी जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी व्यापक इंतजाम करने के लिए सड़कों का लगातार अध्ययन किया जा रहा है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि घायलों को उचित इलाज मिले।
सुबह 6 बजे हुआ हादसा
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। हादसे की सूचना करीब 8 बजे मिली। 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, उनमें किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
यह खबर भी पढ़ें; छतरपुर में बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत में 5 की मौत : गमी में शामिल होने जा रहा था परिवार, चालक घायल, पुलिस ने FIR दर्ज कर ट्रक को किया जब्त

ड्राइवर को झपकी लगने से हादसे की आशंका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर को झपकी आने से ट्रैवलर कंट्रोल से बाहर हो गई और रैलिंग तोड़कर नाले में गिर गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने रिलीफ और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया, ट्रैवलर में 27 लोग सवार थे। वह भोपाल से खाटू श्याम जा रहे थे।

