छतरपुर में बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत में 5 की मौत : गमी में शामिल होने जा रहा था परिवार, चालक घायल, पुलिस ने FIR दर्ज कर ट्रक को किया जब्त
Published:
2 min read

छतरपुर में बोलेरो-ट्रक की भिड़ंत में एक परिवार के 5 की मौत
छतरपुर। जिले के चौका गांव में एडिफाइ स्कूल के सामने शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बोलेरो और ट्रक की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। बोलेरो में करीब 6 से 7 लोग सवार थे। सभी बिजावर के निवासी बताए जा रहे हैं।
5 की मौत, एक घायल
मृतकों में दौलत (40), बीना (38), श्याम (60), कौशल्या (50) और संजय रैकवार (40) शामिल है। हादसे में छोटू रैकवार के घायल होने की सूचना है। एडिशनल एसपी आदित्य पटेल के मुताबिक, हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गमी में शामिल होने जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग बगोता में गमी में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चौका गांव में एडिफाइ स्कूल के सामने उनकी बोलेरो की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
FIR दर्ज, ट्रक जब्त
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार FIR दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। घायल का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

