सुगम परिवहन सेवा की बसों पर मंत्री उदय प्रताप की सफाई: बोले- उम्र नहीं, फिटनेस और मानक अहम; पुरानी या नई बस का फैसला मालिक करेगा
Published:
2 min read

नरसिंहपुर के गाडरवारा पहुंचे स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह
नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश में शुरू की गई मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बसों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। कुछ पोस्ट में बसों का पेंट उखड़ा हुआ दिखाए जाने और पुरानी बसों को रंग-रोगन कर नई बसों की तरह प्रस्तुत किए जाने के दावे किए गए हैं। इन सवालों के बीच नरसिंहपुर के गाडरवारा पहुंचे स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने योजना की व्यवस्था और बसों के मानकों को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
PPP मॉडल पर संचालित होगी सेवा
परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा PPP यानी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर संचालित होगी। उनके मुताबिक बस निजी मालिक की ही रहेगी और बस पुरानी रखनी है या नई खरीदनी है, इसका निर्णय संबंधित बस मालिक करेगा।
बसों के लिए तय किए गए हैं मानक
मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से बसों के रंग, निर्धारित मापदंड और फिटनेस को लेकर नियम तय किए गए हैं। पुरानी बस होने की स्थिति में भी उसे निर्धारित कलर और तय मानकों के अनुरूप रखना होगा। वहीं नई बस होने पर उसका रंग-रूप स्वाभाविक रूप से नया और आकर्षक होगा। मंत्री के अनुसार, योजना में बस की उम्र से ज्यादा महत्वपूर्ण निर्धारित नियमों, फिटनेस और अन्य मानकों का पालन है।
बसों की फिटनेस और मानकों पर नजर
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू होने के बाद बसों की स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। अब परिवहन मंत्री की सफाई के बाद निगाहें इस बात पर रहेंगी कि योजना के तहत संचालित बसें निर्धारित फिटनेस और अन्य मापदंडों पर कितनी खरी उतरती हैं।
यह भी पढ़ें-रीवा में जिस बस से पहुंचे कलेक्टर उसी पर कार्रवाई: अनियमितता मिलने पर RTO ने किया सीज
उदय प्रताप सिंह, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री

