खड़गे की रैली के बाद 'शुद्धिकरण' का मामला: कर्नाटक में उत्तराखंड BJP नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज
Published:
3 min read

खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी में एक जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद कुछ लोगों ने मंच का शुद्धिकरण किया था।
नेशनल डेस्क. बेंगलुरु की विधानसौदा पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद शुद्धिकरण के मामले में BJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की है। कांग्रेस का आरोप है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में रामलीला मैदान में खड़गे की रैली के बाद बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने मंच का शुद्धिकरण किया था।
कांग्रेस के ST मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष टी आर रामप्पा की शिकायत पर 31 अगस्त को ये FIR दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया है- राज्यसभा में विपक्ष के नेता खड़गे ने 8 अगस्त को नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। ये लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण थी। 10 अगस्त को बीजेपी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इस जगह का शुद्धिकरण किया था।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस के सीनियर नेताओं से नाराज खड़गे: उत्तराखंड में मंच के 'शुद्धिकरण' पर नहीं मिला साथ; वर्किंग कमेटी की बैठक में जताया दुख
'शुद्धिकरण करना अपमान और कानून के खिलाफ'
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शुद्धिकरण करके ये संदेश देने की कोशिश की कि खड़गे की मौजूदगी से रैली की जगह अपवित्र कर दिया, क्योंकि वह SC समुदाय से संबंध रखते हैं। शिकायत में शुद्धिकरण को अपमान और कानूनों के तहत अपराध बताया गया है।
इन धाराओं में केस दर्ज
शिकायत में उत्तराखंड BJP अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का भी नाम शामिल है, उन पर शुद्धिकरण का बचाव करने और इसे सही साबित करने का आरोप है। पुलिस ने नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(1)(सी), 7(1)(डी) और 7(1)(ई), एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(यू) और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 196(1)(बी) के तहत मामला दर्ज किया है, जो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित है।
राज्यसभा में सत्र के आखिरी दिन भी हंगामा: खड़गे बोले- उत्तराखंड में मेरी रैली के बाद BJP कार्यकर्ताओं ने शुद्धिकरण किया; नड्डा बोले- ये दुखद, जांच कराएंगे
क्या होती है जीरो FIR
जीरो FIR को किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया जा सकता है। इसका अपराध क्षेत्र से कोई लेना देना नहीं होता। विधानसौदा पुलिस ने बताया कि FIR को आगे की जांच के लिए उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित अधिकार क्षेत्र वाले पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मामले में बेंगलुरु पुलिस जांच नहीं करेगी। इस मामले में देश के 8 अलग अलग जगहों पर भी FIR दर्ज की गई हैं।
खड़गे ने राज्यसभा में भी उठाया था मुद्दा
मल्लिकार्जुन खड़गे ने मानसून सत्र में राज्यसभा में कहा था- बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मैंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में मैंने जनसभा को संबोधित किया। वहां लाखों लोग मौजूद थे। मैंने वहां किसी धर्म और जाति का नाम नहीं लिया। बस मैंने वहां लोगों की समस्याओं के बारे में बात की। लेकिन मेरे भाषण के बाद कल बीजेपी के लोगों ने हवन करके मंच का शुद्धिकरण किया। क्या यही लोकतंत्र है। मैं विपक्ष का नेता हूं। आप संविधान की ऐसे कैसे रक्षा करेंगे।
खड़गे ने मांग की कि हल्द्वानी में जिन लोगों ने स्टेज का शुद्धिकरण किया, उन पर Untouchability Act के तहत केस दर्ज हो और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
बीजेपी इसका समर्थन नहीं करती- खड़गे
जेपी नड्डा ने राज्यसभा में खड़गे के सवाल पर जवाब देते हुए कहा था- ये दुखद है और ये सिर्फ खड़गे जी या कांग्रेस के लिए दुख की बात नहीं है, हम सबके लिए दुखदायी विषय है। बीजेपी ऐसी किसी गतिविधि का समर्थन नहीं करती। मैं इसकी निंदा करता हूं। आपने कहा है तो हम इसकी जांच कराएंगे। यहां हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मौजूद हैं। वे इस मामले को देखेंगे। आपकी भावनाओं को ठेस पहुंची, वो दुख का विषय है।

