कांग्रेस के सीनियर नेताओं से नाराज खड़गे: उत्तराखंड में मंच के 'शुद्धिकरण' पर नहीं मिला साथ; वर्किंग कमेटी की बैठक में जताया दुख
Published:
3 min read

मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में जताई नाराजगी (फोटो- X)
नेशनल डेस्क. कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बुधवार को दिल्ली में बैठक हुई। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड में मंच के 'शुद्धिकरण' के मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का साथ न मिलने पर दुख जताया है। उन्होंने इसे लेकर पार्टी के सीनियर नेताओं से शिकायत भी की।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में खड़गे ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि उत्तराखंड में उनके भाषण के बाद मंच के 'शुद्धिकरण'के मुद्दे पर CWC के कई सदस्यों ने खुलकर उनका समर्थन नहीं किया और न ही इसे लेकर बीजेपी की निंदा की।
खड़गे ने राज्यसभा में भी उठाया था मुद्दा
दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे हाल ही में उत्तराखंड के हल्द्वानी में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उनकी रैली के एक दिन बाद कुछ संगठनों ने मंच पर हवन करके शुद्धिकरण किया था। इस मुद्दे पर उत्तराखंड में राजनीतिक विवाद हुआ था। खड़गे ने खुद राज्यसभा में भी इस मुद्दे को उठाया था। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस पर दुख जताया था और जांच की बात कही थी।

बैठक में खड़गे ने किसी का नाम नहीं लिया
CWC की बैठक में खड़गे ने किसी नेता का नाम नहीं लिया। हालांकि, सूत्रों ने बताया कि जिस तरह से उन्होंने इस बात का जिक्र किया, उससे साफ लग रहा था कि शुद्धिकरण के मुद्दे पर वरिष्ठ नेताओं से समर्थन न मिलने से वे नाराज थे।
उधर, CWC बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में केसी वेणुगोपाल ने शुद्धिकरण के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने इस घटना को अस्वीकार्य और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि ये बीजेपी की मानसिकता को बताती है।
8 अगस्त को हल्द्वानी पहुंचे थे खड़गे
दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त को उत्तराखंड के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया था। इसके बाद 10 अगस्त को दक्षिणपंथी संगठन श्रीराम सेना के कार्यकर्ताओं ने रैली स्थल पर शुद्धिकरण किया था।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण करने वाले लोग BJP और RSS से जुड़े थे और ये उनकी दलित विरोधी मानसिकता बताते हैं। हालांकि, BJP ने खुद को इस मुद्दे से अलग बताते हुए इसकी निंदा की थी। जेपी नड्डा ने राज्यसभा में खड़गे के सवाल पर जवाब देते हुए कहा था- ये दुखद है और ये सिर्फ खड़गे जी या कांग्रेस के लिए दुख की बात नहीं है, हम सबके लिए दुखदायी विषय है। बीजेपी ऐसी किसी गतिविधि का समर्थन नहीं करती। मैं इसकी निंदा करता हूं। आपने कहा है तो हम इसकी जांच कराएंगे। यहां हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मौजूद हैं। वे इस मामले को देखेंगे। आपकी भावनाओं को ठेस पहुंची, वो दुख का विषय है।
खड़गे ने बीजेपी पर लगाए थे आरोप
मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा था- बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मैंने उत्तराखंड के हल्द्वानी में मैंने जनसभा को संबोधित किया। वहां लाखों लोग मौजूद थे। मैंने वहां किसी धर्म और जाति का नाम नहीं लिया। बस मैंने वहां लोगों की समस्याओं के बारे में बात की। लेकिन मेरे भाषण के बाद कल बीजेपी के लोगों ने हवन करके मंच का शुद्धिकरण किया। क्या यही लोकतंत्र है। मैं विपक्ष का नेता हूं। आप संविधान की ऐसे कैसे रक्षा करेंगे।
खड़गे ने मांग की कि हल्द्वानी में जिन लोगों ने स्टेज का शुद्धिकरण किया, उन पर Untouchability Act के तहत केस दर्ज हो और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

