केरलम में तमिलनाडु के 8 छात्रों की मौत: नेशनल हाईवे पर खड़े वाहन से टकराई कार; पेचवर्क चल रहा था
Published:
2 min read

सभी छात्र तमिलनाडु के रहने वाले हैं। पुलिस ने छात्रों के ID कार्ड से उनके परिवारों से संपर्क किया है।
नेशनल डेस्क. केरल के त्रिशूर में एक कार नेशनल हाईवे पर खड़ी लॉरी से टकरा गई। हादसे में तमिलनाडु के 8 छात्रों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात 11.40 PM बजे काइपामंगलम में पनम्बिक्कुन्नु के पास हुआ। सभी लोग गुरुवयूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि शवों को कार के पार्टस को काटकर बाहर निकालना पड़ा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी छात्र डिंडीगुल इंजीनियरिंग कॉलेज तमिलनाडु में पढ़ाई कर रहे थे।
हाईवे पर पेचवर्क चल रहा था
पुलिस ने बताया, हादसे के समय नेशनल हाईवे पर पेचवर्क चल रहा था, लॉरी हाईवे पर खड़ी थी। जिससे कार लॉरी से टकराई और सबकी मौत हो गई। 7 छात्रों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक छात्र की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर डिपार्टमेंट ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मृतकों की बॉडी को त्रिशूर के मेडिकल कॉलेज में रखा गया है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान की
पुलिस ने अब तक 6 लोगों की पहचान की है। मृतकों में सूर्या, युवासंजीथ, विश्वा और जोहुआ डिंडीगुल के रहने वाले हैं, जबकि संतोष और प्रसन्ना मदुरई के रहने वाले हैं। पुलिस दो और छात्रों की पहचान में जुटी है। काइपामंगलम पुलिस ने लॉरी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसे के बाद ड्राइवर वहां से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह खबर भी पढ़ें-
केरलम में आवारा कुत्तों से बच्चों की हिफाजत करेंगे टीचर: एंट्रेंस गेट पर नाम-नंबर लिखा जाएगा; डॉग देखते ही स्थानीय प्रशासन को सूचना देंगे
पुलिस ने परिवारों को दी सूचना
पुलिस ने छात्रों के ID कार्ड से उनके परिवारों से संपर्क किया है। कुछ परिवारों को छात्रों के केरल जाने के बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस ने कहा- छात्रों के परिवारों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।

