iPhone और बॉयफ्रेंड के लिए बाइक चाहती थी नाबालिग: 3 दोस्तों से कराई दादा की हत्या; आरोपियों ने मर्डर का वीडियो भी भेजा
Published:
3 min read

प्रतीकात्मक फोटो
नेशनल डेस्क. केरल के अलप्पुझा में 65 साल के व्यक्ति की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग की नाबालिग पोती ने कथित तौर पर अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। लड़की अपने लिए iPhone और बॉयफ्रेंड के लिए बाइक खरीदना चाहती थी। पैसों के लिए उसने अपने दादा की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, लड़की के दोस्त भी नाबालिग हैं। उन्होंने हत्या का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और उसे लड़की को भेजा। हत्या के बाद तीनों ने घर से सोने की ज्वेलरी भी चोरी की। पुलिस ने लड़की समेत चारों नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, लड़की को जब पता चला कि उसके दादा घर में अकेले हैं, तभी उसने अपने दोस्तों के साथ साजिश रची।
हाथ-पैर बंधे मिले, गले में रस्सी बंधी थी
पुलिस के मुताबिक, 65 साल के बुजुर्ग अलप्पुझा में किराए के मकान में रह रहे थे। उनकी पत्नी अस्पताल में अपनी बेटी के साथ थीं। बेटी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके चलते बुजुर्ग पिछले कुछ दिनों से घर में अकेले थे। आसपास के लोगों ने उन्हें आखिरी बार शनिवार शाम देखा था। बाद में उनका शव घर के अंदर मिला। उनके हाथ-पैर कपड़े से बंधे हुए थे और गले में रस्सी थी। पुलिस को आशंका है कि दम घोंटकर उनकी हत्या की गई।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में महफिल बार में 21 वर्षीय युवती की चाकू गोदकर हत्या: आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
पोती ने ही पड़ोसियों को बुलाया
हत्या के समय पोती अपने एक रिश्तेदार के घर रह रही थी। सोमवार सुबह वह दादा के किराए के मकान पर पहुंची। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने पड़ोसियों को बताया कि अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है। इसके बाद पड़ोसी किसी तरह घर में घुसे। अंदर बुजुर्ग का शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। घर का सामान भी बिखरा हुआ था और सोने के गहने गायब थे।
स्कूल एग्जाम देने पर अड़ी थी
जांच के दौरान पुलिस को लड़की के व्यवहार पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक, दादा की मौत के बाद भी उसके चेहरे पर कोई दुख नहीं दिख रहा था। वह स्कूल में चल एग्जाम देने की जिद कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसके मोबाइल फोन की जांच की। पुलिस का दावा है कि उसके फोन से हत्या के फुटेज मिले, जिन्हें उन लड़कों ने भेजा था।
ट्रेन से अलप्पुझा पहुंचे थे लड़के
पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल तीनों लड़के कोल्लम के रहने वाले हैं। वे शनिवार रात ट्रेन से अलप्पुझा पहुंचे थे। इसके बाद घर के पिछले दरवाजे से अंदर दाखिल हुए। पुलिस का आरोप है कि हत्या और चोरी के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। इसके लिए घर में मिर्च पाउडर फैला दिया था।
ये भी पढ़ें: असम में नाबालिग की रेप के बाद हत्या: 17 से 19 साल के 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कोर्ट से मांग- क्रूरता देख बालिग की तरह चले केस
चारों के खिलाफ हत्या का मामला
पुलिस ने लड़की और उसके तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है। चारों के खिलाफ हत्या से संबंधित आरोप लगाए जाएंगे। हालांकि, सभी आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं, इसलिए आगे की कानूनी प्रक्रिया जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) एक्ट के तहत की जाएगी।

