असम में नाबालिग की रेप के बाद हत्या: 17 से 19 साल के 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कोर्ट से मांग- क्रूरता देख बालिग की तरह चले केस
Published:
3 min read

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 17 से 19 साल है। ये पीड़िता से पहले से परिचित थे। (फोटो- @HailakandiPolic)
नेशनल डेस्क. असम पुलिस ने 15 साल की बच्ची के साथ रेप और बेरहमी से हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी उम्र 17 से 19 साल के बीच है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग एक आरोपीके साथ रिलेशनशिप में थी।
दरअसल, असम के हैलाकांडी में शनिवार रात को 15 साल की बच्ची का शव उसके घर में मिला था। परिवार ने बच्ची के साथ रेप और बेरहमी से हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में रविवार को 5 लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। लेकिन सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हैलाकांडी SSP अमिताभ सिन्हा ने बताया- इनमें से एक आरोपी की उम्र साढ़े 17 साल है। लेकिन मामले की क्रूरता को देखते हुए, हमने कोर्ट से अपील की है कि उस पर बालिग के तौर पर केस चलाया जाए।
क्या है मामला
यह घटना शनिवार रात 11 बजे कटलीचेरा पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले अलोइचोरा इलाके में हुई। पीड़ित परिवार के मुताबिक, सभी लोग पास ही में एक रिश्तेदार के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनके साथ नाबालिग बच्ची भी गई थी। लेकिन चचेरे भाई से झगड़ा होने के बाद वह 10.30 बजे घर लौट आई। लेकिन जब थोड़ी देर बाद परिजन घर लौटे तो उसका खून से सना हुआ शव देखकर परेशान रह गए।
परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़िता की बहन के मुताबिक, हमलावरों ने हमले के बाद शरीर को क्षत-विक्षत करने के लिए बर्तनों और अन्य सामानों का इस्तेमाल किया। एक सीनियर अफसर ने बताया कि बच्ची के शरीर और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
3 गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस
हैलाकांडी ASP समीर दर्पण बरुआ ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 65(1) (16 साल से कम उम्र की लड़की से बलात्कार), 103(1) (हत्या), POCSO एक्ट औऱ 2012 की धारा 6 (गंभीर यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया- अभी शुरुआती जांच के आधार पर ये धाराएं लगाई गई हैं। जांच आगे बढ़ने पर और भी धाराएं लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा- इस केस में और भी लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस ने कई अन्य लोगों के फोन जब्त कर पूछताछ की है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। हालांकि, मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस ने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया।
'सोशल मीडिया पर संवेदनशील जानकारी शेयर न करें'
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित संवेदनशील जानकारी शेयर न करें। ASP समीर दर्पण ने कहा- हम लोगों की भावनाओं को समझते हैं, लेकिन हमें मामले की संवेदनशीलता को भी समझना होगा।
हत्या के मकसद की जांच करने में जुटी पुलिस
SSP सिन्हा ने कहा- हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच में यह पता चला है कि आरोपी व्यक्ति पीड़िता के जानने वाले थे और उसके घर के बारे में सब कुछ जानते थे। उन्होंने बताया- लड़की और लड़कों के बीच बातचीत हुई थी और हम इसकी आगे जांच कर रहे हैं। हालांकि, अभी किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकते। हम केवल इतना कह सकते हैं कि हर पहलू पर जांच चल रही है।
दोषियों को फांसी की मांग
उधर, पीड़िता के परिजनों और हैलाकांडी के स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने रविवार को असम मिजोरम नेशनल हाइवे को भी जाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि दोषियों को फांसी की सजा दी जाए।

