केरल के बैंकर कपल ने किया सुसाइड: अलग-अलग जगह लगाई फांसी; दिसंबर में होने वाली थी शादी
Published:
3 min read

पुलिस ने बताया, कपल के कॉल और चैट रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि वे कुछ पर्सनल प्रोब्लम से जूझ रहे थे। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. केरल के बैंकर कपल ने कुछ ही घंटों के अंदर दो अलग-अलग जगहों पर आत्महत्या कर ली। कन्नूर के विलामन्ना के रहने वाले वी अमल बुधवार को एर्नाकुलम नॉर्थ रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के कमरे में मृत पाए गए। कुछ घंटे पहले ही मंगलवार रात में मैसूर के हुंसुर में रेंट से रह रही मंगेतर पी अनुश्री (25 साल) ने सुसाइड किया था।
पुलिस का कहना है कि आपस में छोटी-मोटी अनबन की वजह से उन्होंने ऐसा कदम उठाया है।
दोनों पर्सनल प्रोब्लम से जूझ रहे थे
ओनमनोरमा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमल की मौत की जांच कर रही एर्नाकुलम टाउन नॉर्थ पुलिस ने किसी भी तरह साजिश की आशंका से इनकार किया है। पुलिस ने बताया, कपल के कॉल और चैट रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि वे कुछ पर्सनल प्रोब्लम से जूझ रहे थे। दोनों ही इमोशनली बेहद सेंसटिव थे। अमल को उस रात अनुश्री की मौत के बारे में पता चला और वह इस स्थिति को संभाल नहीं पाया। पुलिस ने कहा- किसी गड़बड़ी या किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। दोनों स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में अलग-अलग राज्यों में काम करते थे और दिसंबर में उनकी शादी होने वाली थी।
परिवार बोला- रात में ही बात हुई थी
अमल के दादा नारायणन ने कहा- उन दोनों ने मंगलवार रात हमसे बात की थी। हमें शक करने की कोई वजह नहीं दिखी कि कुछ गड़बड़ है। अनुश्री बहुत खुश लग रही थी। उसने कभी किसी चीज की शिकायत नहीं की और न ही अमल के बारे में कुछ बुरा कहा। उन्होंने कहा- हमें कभी पता नहीं चला कि वे किसी परेशानी का सामना कर रहे थे। उन्होंने हमें कभी कुछ नहीं बताया।
दोस्तों को भेजी थी लोकेशन
सूचना मिलने के बाद अनुश्री का परिवार हुंसूर पहुंचा। उनके पिता ने बुधवार सुबह ही अमल के परिवार को इस बारे में बताया। नारायणन ने कहा- हमने तुरंत अमल को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ था। परेशान होकर परिवार ने उसके साथ रहने वाले दोस्तों को कॉल किया। उसने अपने एक दोस्त को अपनी लोकेशन शेयर की थी। लोकेशन उन्हें कोच्चि में नॉर्थ रेलवे स्टेशन के पास फ्लैगशिप मालाबार होटल ले गई।
यह खबरें भी पढ़ें- त्रिपुरा DGP अनुराग ढांकर की मौत: चैंबर में फंदे से लटका मिला शव; शुरुआती जांच में सुसाइड की आशंका
लोकसभा सचिवालय के डायरेक्टर ने किया सुसाइड: नोएडा फ्लैट में फांसी लगाई; सुसाइड नोट में लोन का जिक्र
एर्नाकुलम नॉर्थ पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों के अनुसार, दोस्तों को शुरू में समझ नहीं आया कि अमल ने लोकेशन क्यों भेजी थी। उसके परिवार से अनुश्री की मौत के बारे में पता चलने के बाद, वे होटल गए और पाया कि उसने कमरा नंबर 305 लिया था।
कोच्चि के होटल में मिला अमल का शव
जब अमल ने उनकी कॉल्स का कोई जवाब नहीं दिया, तो उन्होंने दरवाज़ा तोड़कर देखा कि वह छत के पंखे से लटका हुआ था। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की। अनुश्री का अंतिम संस्कार बुधवार को हुआ, जबकि अमल का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम को किया गया।

