कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश : पायलट और को-पायलट की मौत, गंगा बैराज के पास खेत में गिरा प्लेन
Published: Updated:
2 min read

कानपुर में गंगा बैराज के पास प्राइवेट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट खेत में क्रैश हो गया। हादसे में पायलट और को पायलट की मौके पर ही मौत हो गई।
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार सुबह एक प्राइवेट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। हादसा गंगा बैराज के पास हुआ। अफसरों के मुताबिक,प्लेन उड़ान के दौरान क्रैश होकर एक खेत में जा गिरा। हादसे में पायलट और को पायलट की मौत हो गई। क्रैश की जानकारी मिलते ही लोकल प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं।
गंगा बैराज के पास खेत में गिरा एयरक्राफ्ट
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह एक प्राइवेट ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था। प्लेन कानपुर में गंगा बैराज के पास अचानक नीचे आया और एक खेत में क्रैश हो गया। ANI के मुताबिक, हादसा इतना गंभीर था कि पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, को-पायलट ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में गुजरात के सचिन भाटिया और कर्नाटक के अभिषेक पुजारी हैं। उन्होंने कानपुर के गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह साढ़े 11 बजे टेकऑफ किया था। जब वह फ्लाइंग करके वापस आ रहे थे, तब सुबह 11:50 मिनट पर ये हादसा हुआ।

DGCA करेगी मामले की जांच
कानपुर नगर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने कहा- हमें इंस्ट्रक्टर के बारे में जानकारी मिली है, उन्हें 3 हजार घंटे की फ्लाइंग का एक्सपीरियंस था। DGCA को सूचना दी गई है। उनकी टीम इस मामले की जांच करेगी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कवर किया है। इमरजेंसी सर्विसस और अधिकारी मौके पर पहुंचे।
यह खबर भी पढ़ें-
असम के जोरहाट में इंडियन एयरफोर्स का विमान क्रैश: लैंडिंग के वक्त आग लगी, दो भागों में टूटा प्लेन; 5 जवान शहीद
क्रैश की वजह अभी साफ नहीं
ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट आखिर किस वजह से क्रैश हुआ, इसका अभी पता नहीं चला है। शुरुआती जानकारी में किसी टेक्निकल खराबी या दूसरी वजह की पुष्टि नहीं की गई है। हादसे की जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि उड़ान के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिससे विमान गंगा बैराज के पास खेत में जा गिरा

