स्टूडेंट और फैकल्टी को CJP प्रोटेस्ट से दूर रहने की सलाह: IIT रुड़की के बाद DU और JNU ने एडवाइजरी जारी की; राहुल गांधी बोले- छात्रों को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई
Published:
3 min read

राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यूनिवर्सिटी द्वारा स्टूडेंट्स को प्रोटेस्ट में न जाने की एडवाइजरी को छात्रों के अधिकारों का हनन बताया है।
नेशनल डेस्क। IIT रुड़की के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) ने भी स्टूडेंट और फैकल्टी को CJP के नेतृत्व में चल रहे NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन से दूर रहने की सलाह दी है।
JNU प्रशासन ने कहा कि सभी छात्र, शिक्षक और कर्मचारी अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और जंतर-मंतर या उसके आसपास होने वाले प्रदर्शनों में हिस्सा न लें। वहीं, DU ने कहा है कि किसी भी गैरकानूनी सभा में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
इन एडवाइजरी पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का भी रिएक्शन आया है। उन्होंने ऐसे फरमान को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन को लताड़ लगाई है।
JNU ने सोशल मीडिया पर भी दी चेतावनी
JNU ने अपनी एडवाइजरी में छात्रों और शिक्षकों से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से पोस्ट करने की अपील की। यूनिवर्सिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि कोई भी ऐसा पोस्ट या गतिविधि, जो कानून या यूनिवर्सिटी के नियमों का उल्लंघन करती हो, उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
यूनिवर्सिटी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक सार्वजनिक प्रदर्शन से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है। अगर कोई इन नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ यूनिवर्सिटी के नियमों के तहत भी एक्शन लिया जा सकता है।

DU ने भी छात्रों से जंतर-मंतर न जाने को कहा
दिल्ली यूनिवर्सिटी की एडवाइजरी में कहा गया कि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत निगरानी में है और किसी भी गैरकानूनी सभा में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
DU ने छात्रों से कहा कि ऐसे प्रदर्शनों से स्टूडेंट और फैकल्टी मेंबर्स की सुरक्षा को खतरा हो सकता है और इसका असर उनकी पढ़ाई और करियर पर भी पड़ सकता है। यूनिवर्सिटी ने यह भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर फर्जी और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है, इसलिए सावधान रहें।
राहुल गांधी ने DU पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी की एडवाइजरी पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने DU की सोशल मीडिया पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि छात्रों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने पर धमकाने की हिम्मत कैसे हुई? याद रखिए, समय आने पर जवाब आपको देना होगा।
जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन
NEET पेपर लीक समेत एग्जाम में गड़बड़ियों जैसे स्टूडेंट्स के कई मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर CJP का प्रोटेस्ट जारी है। इस प्रोटेस्ट को एक महीने से ज्यादा वक्त बीत गया है। शुरुआती 4 हफ्ते यह विरोध प्रदर्शन धीरे-धीरे आगे बढ़ा लेकिन बीते 6-7 दिन में इसने रफ्तार पकड़ी है। देशभर में स्टूडेंट प्रोटेस्ट हो रहे हैं। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स इनमें पार्टिसिपेट कर रहे हैं। CJP ने साफ कर दिया है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ही प्रदर्शन खत्म होगा।
यह भी पढ़ें...

