विपक्ष की 5 मेगा रैली, सांसद EC का घेराव करेंगे : CEC-SIR के खिलाफ INDIA गठबंधन की बैठक में इन 6 पॉइंट्स पर बनी सहमति
Published:
3 min read

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन की बैठक में 19 पार्टियों के नेता शामिल हुए।
नेशनल डेस्क. CEC ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ INDIA गठबंधन की बुधवार को बैठक हो रही है। बैठक में कांग्रेस, सपा समेत 19 पार्टियों के नेता शामिल हुए। करीब 3.30 घंटे चली इस बैठक में विपक्षी दलों के नेताओं में 6 पॉइंट पर सहमति बनी है।
- 2-8 अक्टूबर तक जिला स्तर पर लोकतंत्र बचाओ मोर्चा निकाले जाएंगे।
- 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी दलों के सांसद इलेक्शन कमीशन तक मार्च करेंगे।
- अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में सभी विपक्षी नेता राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगेंगे।
- अक्टूबर-नवंबर में विपक्षी नेता 5 मेगा रैली करेंगे।
- विपक्ष सुप्रीम कोर्ट से SIR से जुड़े सभी मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग करेंगे।
AAP ने बनाई दूरी
आम आदमी पार्टी ने इससे दूरी बना ली। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा- हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी समेत तमाम विपक्षी नेता इंडिया गठबंधन की कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे।
बेनकाब हो चुके ज्ञानेश कुमार- खड़गे
मीटिंग को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- आज हमारे मुख्य चुनाव आयुक्त पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं। उनके दो साथी सदस्यों ने 10 महीनों में 14 बार पत्र लिखे हैं! इससे उनकी ईमानदारी और इरादों पर ही सवाल उठते हैं। इसलिए, उन्हें उनके पद से हटा देना चाहिए। अगर उनमें जरा भी संवैधानिक या नैतिक शर्म बची है, तो वे स्वयं इस्तीफा दे देंगे और उन शक्तियों के खिलाफ गवाही देंगे जो हमारी वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: SIR पर मतभेद की रिपोर्ट पर EC की सफाई: आयोग ने कहा- अलग राय होना आम बात, फैसले तीनों चुनाव आयुक्त की सहमति से ही हुए
बैठक में इन पार्टियों के नेता हुए शामिल
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने बताया- बैठक में कांग्रेस, SP, AITC, NCP(SP), SS (UBT), RJD, CPM, CPI, JKNC, JKPDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC(M), MDMK, VCK, RSP, KC(J) और AIFB पार्टियां शामिल हो रही हैं। उन्होंने कहा- सत्ता में बने रहने के लिए ECI के जरिए 'वोट चोरी' की उनकी चाल के खिलाफ विपक्षी पार्टियां भारत के संविधान को मोदी सरकार के लगातार हमलों से बचाने के लिए एकजुट हैं।
बताया जा रहा है कि बैठक में SIR को लेकर चल रहे विवाद पर विपक्षी दलों की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए महाभियोग नोटिस पर भी चर्चा की जाएगी।
ये भी पढ़ें: CWC के प्रस्ताव में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: SIR प्रोसेस रोकने और डिलीट वोटरों को फिर से जोड़ने पर भी जोर; खड़गे बोले- कठपुतली बन गए CEC
खड़गे ने CEC को कठपुतली बताया
इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मंगलवार को बैठक हुई। बैठक में तय किया कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग पर अड़ी रहेगी। पार्टी ने SIR प्रोसेस को फौरन रोकने और इस दौरान हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को वोटर लिस्ट में वापस जोड़ने की बात को भी प्रस्ताव में शामिल किया।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CEC ज्ञानेश कुमार पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि CEC ज्ञानेश कुमार मोदी सरकार की कठपुतली बन गए हैं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ऐसा चुनाव आयोग चाहती है जिस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों भरोसा कर सकें।

