हैदराबाद में कार ने महिला को मारी टक्कर: 26 साल की सेल्सवुमन की मौत; राज्यसभा सांसद के बेटे पर आरोप
Published:
2 min read

पीड़िता भारती मुखी इनऑर्बिट मॉल में काम करती थी। आरोप है कि कार राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश का 21 साल का बेटा संजुश चला रहा था।
नेशनल डेस्क. हैदराबाद में तेज रफ्तार लग्जरी कार ने एक युवती को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि कार राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश का 21 साल का बेटा संजुश चला रहा था। हादसे में भारती नाम की 26 साल की मॉल सेल्सवुमन की मौत हुई है।
पीड़िता भारती मुखी इनऑर्बिट मॉल के लाइफस्टाइल कपड़ों के स्टोर में काम करती थीं, 16 अगस्त को माधापुर इलाके में सड़क पार करते समय कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
साइबराबाद पुलिस ने कार चलाने वाले व्यक्ति की पहचान 21 साल के संजूश के तौर पर की है, जिनके पिता एक बिजनेसमैन हैं और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की जन सेना पार्टी से जुड़े हैं। उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। माधापुर के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) सीएच श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजा गया है। अधिकारी ने कहा, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है।
हादसा कैसे हुआ
FIR के मुताबिक, भारती अपनी दोस्त पूजा अशोक अलोने के साथ रविवार को दोपहर करीब 3 बजे लंच के लिए ITC कोहिनूर इलाके में गई थीं। जब लौट रही थीं, तो मॉल के सामने सड़क पार करते समय भारती को कथित तौर पर कार (TG-09-G-0666) ने टक्कर मार दी।
इस टक्कर से भारती के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें बहुत ज्यादा खून बहने लगा। पुलिस ने बताया कि उन्हें उसी कार से जुबली हिल्स के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद उनकी दोस्त पूजा ने स्टोर मैनेजर अश्विन कुमार को जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को बुलाया। FIR में कहा गया है कि जब कार ने भारती को टक्कर मारी, तो वह बहुत तेज रफ्तार में और लापरवाही से चलाई जा रही थी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही या जल्दबाजी में किए गए ऐसे काम से मौत होने से संबंधित है जो गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में नहीं आता।

