पत्नी का सिर काटकर थाने पहुंचा शख्स: बोला- फोन पर किसी से बात करती रहती थी! 12 साल पहले शादी हुई थी
Published:
3 min read

तस्वीर में आरोपी पति परवेज, मृतक नगमा और वारदात के बाद नगमा की डेड बॉडी ले जाती पुलिस नजर आ रही है।
नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक मर्डर का मामला सामने आया है। यहां पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बात करने के शक में पति ने सोते वक्त उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति ने हथियार से पत्नी पर कई वार किए और फिर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।
घटना बुधवार तड़के इस्लामनगर तिलिया इलाके में एक किराए के मकान में हुई। हत्या के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
12 साल की शादी और कुछ महीने का विवाद
नगमा (28) की शादी परवेज (34) से करीब 12 साल पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। परवेज को शक था कि नगमा किसी दूसरे शख्स के संपर्क में है और उससे फोन पर बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
पुलिस के मुताबिक, परवेज ने कुछ समय पहले अपनी पुश्तैनी जमीन बेच दी थी। इसके बाद करीब डेढ़ महीने पहले वह नगमा के साथ किराए के मकान में रहने लगा। इसी घर में बुधवार को हत्या की वारदात हुई।
बहन का आरोप- पहले भी मारने की धमकी देता था
नगमा की बहन सब्बो ने आरोप लगाया कि परवेज लंबे वक्त से नगमा के साथ मारपीट करता था और उसे धमकाता था। उसका दावा है कि हत्या से पहले भी परवेज कई बार नगमा का गला काटने की धमकी दे चुका था।
नगमा के परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि वारदात के वक्त परवेज के कुछ रिश्तेदार घर में मौजूद थे। नगमा की मां जाहिदा ने भी बेटी को पति और ससुराल वालों की तरफ से लगातार परेशान किए जाने और धमकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने नगमा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें...

