30 लाख की ड्रग्स के साथ पूर्व एयर होस्टेस गिरफ्तार: कार से गुजरात से मुंबई कर रही थी सप्लाई; साथी भी पकड़ाया
Published:
3 min read

आरोपी मानसी सैयद मलेशियाई एयरलाइंस में एयर होस्टेस थी। 2021 में उसे इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
नेशनल डेस्क. गुजरात में पुलिस ने 30 लाख रुपए की ड्रग तस्करी के आरोप में पूर्व एयर होस्टेस और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों गुजरात के वडोदरा से मुंबई ड्रग्स तस्करी करने जा रहे थे। जांच खुलासा हुआ है कि महिला पहले भी ड्रग्स के कारोबार में लिप्त रही है।
सोमवार को सूरत क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि वडोदरा से मुंबई एक कार में भारी मात्रा में MD (मेफेड्रोन) ड्रग ले जाई जा रही है। इस आधार पर अधिकारियों ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टोल पोस्ट के पास एक संदिग्ध कार को रोका।
पुलिस को कार में 977 ग्राम ड्रग्स मिली। इस कार में पूर्व एयरहोस्टेस मानसी सैयद (41) और उनका साथी सोहेल सुलेमान शेख (20) बैठे थे। इसके अलावा उन्हें कई मोबाइल फोन और ड्रग्स की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक बैग और कंटेनर भी मिले।
रेंट की कार से ले जा रहे थे ड्रग्स
पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने मुंबई से एक कार किराए पर ली थी और ड्रग्स लेने के लिए वडोदरा गए थे। उन्हें वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास एक अनजान महिला से ड्रग्स की खेप मिली थी। जांच में यह भी पता चला कि ड्रग्स के मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें सप्लाई के लिए छोटे पैकेटों में बांटा जाना था।
आरोप है कि वह 5 से 10 ग्राम ड्रग्स के पैकेट तैयार करके लोगों को बेचने वाले थे। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी मुंबई के सांताक्रूज इलाके में रहते हैं।
मानसी सैयद मलेशियाई एयरलाइंस में काम करती थी
पुलिस की जांच से पता चला कि आरोपी मानसी मलेशियाई एयरलाइंस में एयर होस्टेस थी। अधिकारियों ने बताया कि मानसी 2015 से ड्रग नेटवर्क के संपर्क में थी। ड्रग्स के कारोबार में उसका लंबा इतिहास रहा है और इससे पहले 2021 में मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस ने उसे लगभग 100 ग्राम ड्रग्स के साथ पकड़ा था। इस मामले में उसने लगभग 4 साल जेल की सजा काटी थी।
यह खबरें भी पढ़ें-
मुंबई में एयरहोस्टेस से रेप: ट्रांसजेंडर बनकर फ्लैट में घुसा, काले जादू से पति को ठीक करने का झांसा दिया; पानी छिड़का, सिर पर हाथ रखा और फिर…
अमेरिकी महिला ने ड्रग्स लेने के बाद बच्चे को दूध पिलाया: 3 हफ्ते के नवजात की मौत, माता-पिता पर केस; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आई वजह
MP पुलिस ने 2021 में किया था गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 2021 के मामले की जांच के दौरान मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ड्रग सप्लाई नेटवर्क के साथ मानसी के कनेक्शन का पता चला था। पुलिस अब ड्रग नेटवर्क में उसके पुराने और मौजूदा संपर्कों के बीच संबंध की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस उस महिला की भी तलाश कर रही है जिसने आरोपी को ड्रग्स सप्लाई किए थे।

