अमेरिकी महिला ने ड्रग्स लेने के बाद बच्चे को दूध पिलाया: 3 हफ्ते के नवजात की मौत, माता-पिता पर केस; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आई वजह
Published:
4 min read

अमेरिका में जेसी ली किटलसन नाम की महिला ने मेथ ड्रग्स लेने के बाद अपने नवजात बच्चे को दूध पिलाया जिससे बच्चे की मौत हो गई। -फाइल
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका के विस्कॉन्सिन में 3 हफ्ते के नवजात की मौत के मामले में उसकी मां पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि मां ने बच्चे की मौत से तीन दिन पहले मेथ (Methamphetamine) का सेवन किया था और इसके बाद उसे अपना दूध पिलाया। बच्चे की मौत के बाद शुरू हुई जांच में मेथ के जहरीले असर से उसकी जान जाने की बात सामने आई। अब बच्चे के माता-पिता के खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बच्चे को बचाने की पूरी कोशिश की
घटना इसी साल 14 मार्च को ट्रिंबेल इलाके की है। पुलिस को एक बच्चे के सांस नहीं लेने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने देखा कि बच्चे की हालत खराब है। उसका शरीर पीला और नीला पड़ गया था। मुंह और नाक के आसपास काला पदार्थ भी मिला था। बच्चे की सांस नहीं चल रही थी और नब्ज भी नहीं मिल रही थी। पुलिस ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खून में मिला ड्रग्स
बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चे की मौत मेथ की वजह से हुई है। बच्चे की बॉडी में खतरनाक स्तर पर मेथ पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की मां जेसी ली किटलसन (Jessie Lee Kittelson) और पिता टेलर जे ओल्सन (Taylor Jae Olson) को मामले में आरोपी बनाया। दोनों की उम्र 23 साल है। उन पर पहली डिग्री की लापरवाही से हत्या और बच्चे को जानबूझकर नजरअंदाज करने की वजह से मौत होने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
प्रेगनेंसी के दौरान ड्रग्स लेने की बात कबूली
जांच के दौरान किटलसन ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अपनी पूरे प्रेग्नेंसी के दौरान मेथ का इस्तेमाल किया था। क्रिमिनल कंप्लेन के मुताबिक ली किटलसन ने पुलिस को बताया कि उसने प्रेगनेंसी के दौरान मेथमफेटामाइन का इस्तेमाल किया था। उसने यह भी कबूला कि बच्चे की मौत से तीन दिन पहले उसने मेथ लिया था। पिता ओल्सान ने भी कथित तौर पर पुलिस को बताया कि पति-पत्नी दोनों ड्रग का इस्तेमाल करते थे और वह खुद इसे लेकर आता था।

48 घंटे तक ब्रेस्ट मिल्क निकालकर फेंकने का दावा
किटलसन ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि Meth लेने के बाद उसने करीब 48 घंटे तक ब्रेस्ट मिल्क निकालकर फेंका। इसके बाद उसने इसे बच्चे के लिए सुरक्षित मान लिया। उसने इंटरनेट पर यह पता लगाने की कोशिश भी की थी कि मेथमफेटामाइन कितने समय तक ब्रेस्ट मिल्क में रह सकता है। उसने पुलिस से यह भी कहा कि उसने नशा करने से पहले अपना दूध स्टोर करके रख लिया था और बच्चे को वही दूध पिलाती थी। हालांकि बच्चे के शरीर में पॉइजनस लेवल तक मेथ मिलने के बाद यह सवाल खड़ा हो गया कि आखिर ड्रग्स बच्चे के शरीर में कैसे पहुंची। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

दोषी साबित होने पर 60 साल तक की जेल हो सकती है
मामले में दोनों आरोपियों पर अब केस चलेगा। किटलसन और ओल्सन को 2 सितंबर को पियर्स काउंटी कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस की जांच में मां के प्रेगनेंसी के दौरान ड्रग यूज और बच्चे की मौत के बीच कनेक्शन पर फोकस किया जा रहा है। पुलिस और प्रोसेक्यूशन की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले में आगे की सुनवाई होगी। अगर दोनों आरोप साबित होते हैं तो उन्हें 60 साल तक की जेल की सजा हो सकती है।

