ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 लोगों की मौत: परिजन बोले- रात में नूडल्स खाए थे; मुंह से झाग भी निकल रहा था
Published:
2 min read

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत के बाद घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
नेशनल डेस्क. ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे शामिल हैं, इनकी उम्र 3 से 11 वर्ष के बीच थी। परिवार रबुपुरा क्षेत्र की नागलाश्री पदम गांव में रहता था। शनिवार सुबह यह सभी लोग संदिग्ध स्थिति में मृत पाए गए।
फूड सेफ्टी अधिकारी ने बताया कि यह जहर का मामला लगता है। इससे पहले पुलिस फूड पॉइजनिंग से मौत होने की आशंका जता रही थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने रात में नूडल्स खाए थे। मृतकों में महेश (37), महेश की पत्नी ललीता (35) और उनके बच्चे लड्डू (11), मिस्टी (7) और सक्षत (3) शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, रबुपुरा पुलिस स्टेशन में शनिवार सुबह इस घटना की सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारी एम्बुलेंस और फूड सेफ्टी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। जरुरी साइंटिफिक एविडेंस जुटाए हैं। जिससे मौतों की असल वजह पता चल सके।
'रात में नूडल्स खाए थे'
महेश की मां और पड़ोसियों ने पूछताछ में बताया कि परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। सुबह परिवार के 5 लोग मृत मिले। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था। हालांकि अधिकारियों ने अभी मौत किस वजह से हुई इसकी पुष्टि नहीं की है।
'यह जहर का मामला लगता है'
फूड सेफ्टी ऑफिसर ओपी सिंह ने कहा- उन्होंने जो चीजें खाई उन सभी के पैकेट को देखा। कोई भी एक्सपायरी डेट का नहीं पाया गया। अगर फूड पॉइजनिंग का मामला होता तो उल्टी, दस्त जैसा कोई लक्षण होता, लेकिन ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। वहां पर शव सामान्य अवस्था में मिले। हमें ऐसा लगता है कि यह जहर का मामला है।
यह खबर भी पढ़ें; युवक को शराब पिलाकर मारपीट: इलाज के दौरान मौत, मारपीट का वीडियो सामने आया
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस ने कहा- मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साइंटिफिक इंवेस्टिगेशन के बाद ही सामने आएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई मेडिकल और फॉरेंसिक जांच के बाद की जाएगी।

