कर्नाटक के CM शिवकुमार का दावा: स्टिंग के जरिए फंसाने की साजिश; BJP पर फंडिंग के आरोप
Published:
2 min read

मुख्यमंत्री ने कहा- मैं जानता हूं कि कौन ऐसा कर रहा है, कौन इसका मास्टरमाइंड है, मेरे पास इसके सबूत हैं। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. कर्नाटक के मुख्यमंत्री DK शिवकुमार ने कथित स्टिंग ऑपरेशन के जरिए फंसाने की साजिश का दावा किया है। उन्होंने अपने कैबिनेट के साथियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं केंद्रीय मंत्री और JDS नेता HD कुमारस्वामी ने सरकार से सवाल किए, उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री कुछ कैबिनेट मंत्रियों को टारगेट कर रहे हैं।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अक्टूबर को CM शिवकुमार ने कैबिनेट मीटिंग में कहा- स्टिंग ऑपरेशन के जरिए उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है। जब से मैं CM बना हूं, तब से मेरे खिलाफ स्टिंग ऑपरेशन की कोशिश की जा रही है। यह दावा साबित करने के लिए सबूत भी हैं।
कौन फाइनेंस कर रहा है मुझे सब पता- शिवकुमार
मुख्यमंत्री ने कहा- उन्होंने मुझसे शुरुआत की है। मेरे पास सबूत हैं। मुझ पर जिम्मेदारी है। मैं बिना सोचे समझे नहीं बोलता। यह सब तब शुरु हुआ, जब मैं CM बना। उन्होंने अपने साथियों को अगाह करते हुए कहा- सतर्क रहिए, सिर्फ ऐसा मेरे साथ नहीं हो रहा है, वह आपके साथ भी ऐसा कर रहे हैं।
शिवकुमार ने कहा- मैं जानता हूं कि कौन ऐसा कर रहा है। कौन इसका मास्टरमाइंड है, कौन इसे फाइनेंस कर रहा है और वह क्या कर रहे हैं। लेकिन इस समय इस बारे में और अधिक बोलना जरुरी नहीं है।
कांग्रेस MLA बोले- उनके पास सबूत हैं
वहीं कांग्रेस MLA रविकुमार गनिगा ने एक पैन ड्राइव दिखाते हुए दावा किया कि उनके पास सबूत है कि एक केंद्रीय मंत्री और BJP के नेता इस स्टिंग ऑपरेशन को फाइनेंस कर रहे हैं। उन्होंने कहा- वह इस हफ्ते इससे जुड़े सभी डॉक्युमेंट जारी करेंगे।
यह खबर भी पढ़ें; बेंगलुरु आने वाले विधायक दो शादियां कर लेते हैं: DK शिवकुमार ने क्यों दिया यह बयान, BJP का क्या है रिएक्शन
जांच क्यों नहीं करवाती सरकार- HD कुमारस्वामी
मुख्यमंत्री के इन दावों पर HD कुमारस्वामी ने सोमवार को कर्नाटक सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा- सरकार ने कथित स्टिंग ऑपरेशन की जांच के लिए ऑर्डर क्यों नहीं दिए। उन्होंने पूछा, मुख्यमंत्री और उनकी सरकार कार्रवाई के लिए क्यों सही समय का इंतजार कर रही है। कुमारस्वामी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने कथित स्टिंग ऑपरेशन से जुड़े एक व्यक्ति से बैंगलुरु के 5 स्टार होटल में लंबी मीटिंग की और अब वह कुछ कैबिनेट मिनिस्टर्स को टारगेट करके जांच की मांग कर रहे हैं।

