बेंगलुरु आने वाले विधायक दो शादियां कर लेते हैं: DK शिवकुमार ने क्यों दिया यह बयान, BJP का क्या है रिएक्शन
Published:
3 min read

कर्नाटक के मुख्यमंत्री DK शिवकुमार ने कहा कि दर्जनों विधायक ऐसे हैं, जिनकी दो शादियां हैं।
नेशनल डेस्क। कर्नाटक के मुख्यमंत्री DK शिवकुमार ने बेंगलुरू की बढ़ती आबादी पर बात करते हुए कुछ ऐसा कह दिया जिसने सियासी हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों से बेंगलुरु आने वाले कई विधायक शहर छोड़कर वापस नहीं जाते। उन्होंने यह भी कहा कि कई विधायक ऐसे हैं जो यहां आकर दो शादियां कर लेते हैं और फिर यहीं बस जाते हैं।
कर्नाटक सीएम ने यह बयान गुरुवार (24 सितंबर) को विधानसभा में दिया। अब दो दिन बाद उनका बयान सुर्खियां बंटोर रहा है। BJP ने इस बयान पर सवाल उठाते हुए उनसे दो शादियां करने वाले विधायकों के नाम बताने को कहा है।
सूखे पर चर्चा के दौरान बेंगलुरु की बढ़ती आबादी का जिक्र
शिवकुमार ने यह बात तब कही जब राज्य में सूखे की स्थिति पर विधानसभा में चर्चा हो रही थी। इस दौरान उन्होंने बढ़ते शहरीकरण को भी इसका एक कारण बताया।
उन्होंने कहा कि बेंगलुरु को इंटरनेशनल सिटी बनाने में केम्पेगौड़ा, केंगल हनुमंथैया और एसएम कृष्णा का बड़ा योगदान रहा। उनके मुताबिक, जो भी शख्स बेंगलुरु आता है, वह यहां से वापस नहीं जाता।
इसी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने विधायकों का जिक्र किया। शिवकुमार ने कहा- आप लोग भी यहां आते हैं और वापस नहीं जाते। यहां आने वाले लोगों की दो शादियां हो जाती हैं। ऐसे करीब एक दर्जन विधायक होंगे। मैं आपको उनकी लिस्ट दे सकता हूं।
उन्होंने कहा कि वह धारवाड़ और दक्षिण कन्नड़ जैसे जिलों से आने वाले कुछ विधायकों के नाम बता सकते हैं। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।
BJP ने पूछा- अगर नाम हैं तो बताइए
शिवकुमार के बयान के बाद विपक्ष ने उनसे उन विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोका ने इसे गैर-जरूरी बयान बताया। उन्होंने कहा कि अब बेंगलुरु से बाहर के इलाकों से आने वाले हर विधायक के ऊपर सवाल खड़ा हो गया है।
BJP विधायक एस. सुरेश कुमार ने भी शिवकुमार के बयान को गलत बताया। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि शिवकुमार ने यह बात मजाक या हल्के अंदाज में कही हो, लेकिन विधानसभा के अंदर ऐसे बयान सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह उस वक्त सदन में मौजूद होते तो तुरंत इस पर जवाब देते।
सुरेश कुमार ने कहा कि शिवकुमार के बयान से लोगों के बीच विधायकों को लेकर बेकार की जिज्ञासा पैदा हो गई है। उन्होंने मांग की कि अगर मुख्यमंत्री को उन विधायकों के नाम पता हैं, जिनकी दो शादियां हैं और जो दो घर चलाते हैं, तो उन्हें नाम बताने चाहिए।
उन्होंने कहा कि नाम नहीं बताए गए तो राज्य के लोग सभी विधायकों को शक की नजर से देख सकते हैं या उनका मजाक बना सकते हैं।
शिवकुमार ने असल में किस मुद्दे पर बात की थी?
शिवकुमार असल में बेंगलुरु में तेजी से बढ़ती आबादी और शहरीकरण के दबाव पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की शहरी आबादी 33 से बढ़कर 47% हो गई है। उन्होंने कहा कि सिर्फ विधायक ही नहीं, बल्कि बेंगलुरु आने वाले वकील भी वापस अपने मूल क्षेत्रों में नहीं जाते। इसी वजह से शहर की आबादी लगातार बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें...

