दिशा सालियान केस CBI के हवाले: बॉम्बे HC का आदेश; 2020 में 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हुई थी- सुशांत सिंह की सेक्रेटरी रह चुकी थीं
Published:
3 min read

दिशा सालियान सुशांत राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। उनकी मौत 8 जून 2020 को बिल्डिंग के 14वें फ्लोर से गिरकर हो गई थी।
नेशनल डेस्क. बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को दिशा सालियान केस में CBI जांच के आदेश दिए हैं। दिशा सेलिब्रिटी मैनेजर थीं और उन्होंने एक्टर सुशांत राजपूत के साथ प्रोफेशनल तौर पर काम किया था।। 8 जून 2020 में उनकी 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। इसके 6 दिन बाद सुशांत राजपूत का भी शव उनके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने दोनों केसों को सुसाइड माना था।
दिशा 28 साल की थीं। जून 2020 में मुंबई के मलाड में एक बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। वे उस वक्त अपने मंगेतर और कुछ दोस्तों के साथ पार्टी कर रही थीं। पुलिस ने इसे एक्सिडेंटल डेथ केस के तौर पर दर्ज किया था। 6 दिन बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली, जिससे दोनों मौतों के पीछे की वजहों को जोड़कर देखा जाने लगा और कई तरह की अटकलें भी लगाई गईं।
ये भी पढ़ें: दिशा सालियान केस: SIT रिपोर्ट में साजिश के सबूत नहीं, आदित्य ठाकरे बोले- 5 साल से मेरा नाम खराब किया जा रहा
पुुलिस ने कहा- दिशा ने सुसाइड किया
जांच के बाद पुलिस ने मामले में किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को खारिज कर दिया था। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा था- दिशा ने पार्टी के दौरान किसी बात से परेशान होकर सुसाइड कर ली। पुलिस ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर कहा था कि केस में कुछ भी संदिग्ध या आपत्तिजनक नहीं पाया गया।
दिशा के पिता ने पुलिस की थ्योरी को चुनौती दी थी
दिशा के पिता सतीश सालियान ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने जांच से पहले ही सुसाइड की कहानी गढ़ दी थी। उन्होंने पुलिस की थ्योरी को चुनौती देते हुए मार्च 2025 में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।
सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती को राहत: कोर्ट ने बैंक अकाउंट्स को डीफ्रीज करने का आदेश दिया, 6 साल से बंद थे
इससे पहले मार्च 2022 में BJP नेता नारायण राणे और उनके बेटे नितेश राणे ने इस मुद्दे को उठाया और मामले को दबाने के आरोप लगाए। नितेश राणे ने इस पूरे मामले को शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे से जोड़ा। दिशा सालियान की मौत के वक्त आदित्य ठाकरे के पिता उद्धव ही महाराष्ट्र के सीएम थे। उद्धव ठाकरे की सरकार गिरने के बाद दिसंबर 2023 में एकनाथ शिंदे ने दिशा केस में फिर से जांच के आदेश दिए थे।

