दिशा सालियान केस: SIT रिपोर्ट में साजिश के सबूत नहीं, आदित्य ठाकरे बोले- 5 साल से मेरा नाम खराब किया जा रहा
Published:
2 min read

दिशा सालियान केस
दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले की जांच के लिए बनी एसआईटी ने बॉम्बे हाईकोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर दी। एसआईटी ने कोर्ट को बताया कि दिशा ने आत्महत्या की थी। उनकी मौत में साजिश के कोई सबूत नहीं मिले हैं। दिशा केस में एसआईटी की रिपोर्ट के बाद महाविकास अघाड़ी ने फडणवीस सरकार पर निशाना साधा है। शिवसेना नेता संजय राउत ने सीएम देवेंद्र फडणवीस को आदित्य ठाकरे से माफी मांगने के लिए कहा है।
इस मामले में आदित्य ठाकरे ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- कुछ लोग पिछले 5 साल से मुझे डिफेम करने का काम कर रहे हैं। मैंने उस वक्त भी कुछ नहीं कहा और अभी भी कुछ नहीं बोलूंगा, क्योंकि ये मैटर मेरे से रिलेटेड है ही नहीं।
आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की कोशिश की गई- राउत
संजय राउत ने कहा, दिशा सालियान की मौत के मामले में बीजेपी ने आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस जांच में आत्महत्या होना पाया गया। उन्होंने कहा, इस मामले में बीजेपी नेताओं और एकनाथ शिंदे को भी माफी मांगनी चाहिए।
उधर, NCP (शरद पवार गुट) नेता एकनाथ खडसे ने भाजपा पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है। खडसे ने ANI से बातचीत में कहा आदित्य ठाकरे के खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए थे। उन्होंने (बीजेपी नेताओं ने) एक महिला की मौत पर भी राजनीति की।
जून 2020 में हुई थी मौत
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड में 14वें फ्लोर से गिरने से मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। हालांकि, दिशा सालियान के पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी का गैंगरेप हुआ और इसके बाद उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं दिशा के पिता ने इस मामले में हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर सीबीआई जांच की मांग की थी और इस मामले में आदित्य ठाकरे पर एफआईआर का आदेश देने की अपील की थी। इसके बाद महाराष्ट्र में काफी सियासत हुई थी। बीजेपी नेता नीतेश राणे ने भी इस मामले से आदित्य ठाकरे के खिलाफ आपराधिक मामला चलाने की मांग की थी।

