LeT का टॉप आतंकी हाशिम मूसा ढेर: पहलगाम आतंकी हमले के बाद स्केच जारी हुआ था; PAK सेना में काम कर चुका
Published:
2 min read

हाशिम मूसा पुंछ-राजौरी बेल्ट और कश्मीर घाटी में एक्टिव था, वह सबसे ट्रेंड आतंकियों में से एक था। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का टॉप आतंकी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा जम्मू-कश्मीर के बडगाम में एनकाउंटर में मारा गया। सुरक्षाबलों ने मंगलवार रात को उसका एनकाउंटर कर दिया। हाशिम मूसा पुंछ-राजौरी बेल्ट और कश्मीर घाटी में एक्टिव था।
सुरक्षाबलों ने इंटेलिजेंस मिलने के बाद यूसमर्ग के पास कोराग इलाके में सर्च ऑपरेशन किया। इनपुट मिले थे कि जंगल के पहाड़ियों इलाकों में आतंकी छिपे हुए हैं। इस ऑपरेशन में आर्मी, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के जवान शामिल रहे। जवानों को सर्च ऑपरेशन के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखीं। जिसके बाद उन पर फायरिंग हुई और एनकाउंटर हुआ, जिसमें मूसा मारा गया।
कश्मीर में सबसे ट्रेंड आतंकवादी था
मूसा को फौजी के नाम से भी जाना जाता था। कहा जाता है कि यह नाम उसके हुलिए और मिलिट्री-स्टाइल ट्रेनिंग की वजह से पड़ा था। सुरक्षा एजेंसियों का मानना था कि उसकी ट्रेनिंग पाकिस्तान आर्मी या उसके खास स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (SSG) जैसी थी। वह जम्मू-कश्मीर में सक्रिय एक बहुत अच्छी तरह से ट्रेंड विदेशी आतंकवादी था। उसने पाकिस्तानी सेना की स्पेशल पैरा फोर्स में भी काम किया था।
यह खबर भी पढ़ें
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में मुठभेड़: जैश-ए-मोहम्मद के 2 आतंकी ढेर; हथियार भी बरामद
कौन था आतंकी मूसा
सूत्रों के मुताबिक, मूसा PoK का रहने वाला था, उसके पिता पाकिस्तानी आर्मी में थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद मूसा सुरक्षाबलों की नजर में आया था। जब सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी जांच के दौरान उसे इस घटना से जोड़ा। इसका स्केच जारी हुआ था। बाद में LeT के मुख्य ऑपरेटिव्स में इसका नाम आया। तब से ही सुरक्षाबल इसकी तलाश में जुटे थे।
पीर पंजाल पहाड़ों से होते हुए कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में एक्टिव होने से पहले मूसा कई सालों तक पुंछ-राजौरी इलाके में सुरक्षा बलों पर हुए कई हमलों में शामिल रहा था।

