BRICS Summit 2026: चिदंबरम बोले- भारत को इससे फायदा नहीं; BJP ने कांग्रेस की कूटनीति पर उठाए सवाल
Published:
3 min read

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम
नेशनल डेस्क. देश की राजधानी दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले BRICS Summit 2026 से पहले कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद पी चिदंबरम ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। चिदंबरम ने कहा कि पिछले दो-तीन ब्रिक्स समिट से भारत को कोई खास ठोस या प्रत्यक्ष फायदा नजर नहीं आया। उनके इस बयान पर BJP ने पलटवार करते हुए कांग्रेस की विदेश नीति और कूटनीति की समझ पर सवाल उठाए हैं।
चिदंबरम ने पूछा- BRICS से भारत को क्या मिला?
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में पी. चिदंबरम ने कहा कि भारत BRICS के अलावा कई महत्वपूर्ण संगठनों का हिस्सा है। इनमें शंघाई सहयोग संगठन (SCO), G20 और QUAD शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि इनसे भारत को वास्तविक और ठोस लाभ क्या मिला है?
चिदंबरम ने कहा- मुझे नहीं लगता कि पिछले दो-तीन ब्रिक्स समिट से कोई ठोस लाभ या ठोस नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले के ब्रिक्स समिट कुछ ठोस परिणाम देने वाले रहे हैं, लेकिन हाल के दो-तीन सम्मेलनों में उन्हें भारत के लिए ऐसा कोई महत्वपूर्ण लाभ दिखाई नहीं दिया।
ये भी पढ़ें: पुतिन-मोदी की मुलाकात के 3 दिन बाद यूक्रेन पहुंचे जयशंकर: बोले- जंग से कुछ नहीं होगा; भारत हर तरह से मदद को तैयार
BJP का पलटवार- कांग्रेस कूटनीति को किस नजरिए से देखती है?
चिदंबरम के बयान पर BJP नेता नलिन कोहली ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बयान से यह सवाल उठता है कि कांग्रेस कूटनीति को किस नजरिए से देखती है। नलिन कोहली ने कहा कि कांग्रेस के दफ्तर में पाकिस्तान को आतंकवाद का पीड़ित बताया गया, जबकि भारत लगातार पाकिस्तान को आतंकवाद का प्रायोजक और आतंकवाद फैलाने वाला देश बताता रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस कूटनीति को केवल लाभ के नजरिए से देखती है। BJP ने कांग्रेस पर इतने बड़े और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन को लेकर राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

दिल्ली में होने जा रहा BRICS का बड़ा सम्मेलन
भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को BRICS की अध्यक्षता संभाली थी। इस बार भारत की अध्यक्षता का विषय 'Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability' रखा गया है।
BRICS Summit 2026 का आयोजन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होगा। सम्मेलन को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हैं।
कौन-कौन से बड़े नेता होंगे शामिल?
ब्रिक्स समिट में कई प्रमुख देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो प्रमुख नाम हैं।

