बिहार में IAF के रिलीफ ऑपरेशन के दौरान हादसा: हेलिकॉप्टर से राहत पैकेट ऊपर गिरने से शख्स की मौत, महिला और 2 बच्चे घायल
Published:
3 min read

बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों में IAF रिलीफ ऑपरेशन चला रही है। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे हवाई अभियान के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। सारण जिले के परशुरामपुर गांव में एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से गिराए गए राहत सामग्री के पैकेट की चपेट में आने से 58 साल एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस दौरान एक महिला और दो बच्चे भी घायल हो गए।
मृतक की पहचान परशुरामपुर के रहने वाले अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह के तौर पर हुई। सारण के DM वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित परिवार को अंतिम संस्कार और अन्य जरूरी चीजों के लिए शुरुआती आर्थिक मदद दी गई है। हालांकि, व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: गरियाबंद में बाढ़ से 70 किसानों की फसल बर्बाद: पुराने पुल पर जमा मलबे से बदला तेल नदी का बहाव, अन्नदाताओं ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
हेलिकॉप्टर से गिरा करीब 5 किलो का पैकेट
बाढ़ की वजह से घर छोड़कर रह रहे ग्रामीण राहत सामग्री लेने के लिए एक रिलीफ कैंप के पास इकट्ठा हुए थे। परिजनों के मुताबिक, अनिल कुमार सिंह खाना खाने के बाद बाहर आए थे। इसी दौरान हेलिकॉप्टर से कम ऊंचाई से राहत सामग्री के पैकेट गिराए गए।
बताया जा रहा है कि इनमें से एक पैकेट उनके सिर पर लगा, जबकि दूसरा पैकेट उनके सीने पर गिरा। इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, राहत सामग्री के पैकेट का वजन करीब 5 किलो था।
हालांकि, पुलिस के मुताबिक घटना को लेकर ग्रामीणों के बयान एक जैसे नहीं हैं। कुछ लोगों ने दावा किया कि राहत पैकेट सीधे अनिल सिंह को लगा, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि पैकेट उनके पास गिरा और आशंका है कि उन्हें हार्ट अटैक आया हो।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
अम्नौर थाने के एसएचओ विमलेश कुमार ने बताया कि शव पर बाहर से चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से बाढ़ के हालात: CM साय ने सुकमा में प्रभावितों से की मुलाकात; राहत शिविरों में सुविधाएं बढ़ाने और मुआवजा देने के निर्देश
हेलिकॉप्टर के तेज हवा के झोंके से महिला घायल
इसी रिलीफ ऑपरेशन के दौरान एक महिला और दो बच्चे भी घायल हो गए। महिला की पहचान विमला देवी के तौर पर हुई। राहत शिविर में मौजूद लोगों के अनुसार, हेलिकॉप्टर के कम ऊंचाई पर उड़ने के चलते तेज हवा से कोई चीज उड़कर महिला को लगी। महिला को इससे फ्रैक्चर हो गया। वहीं, दो बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं।
बिहार में 3.32 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित
बिहार इस समय बाढ़ का सामना कर रहा है। सारण जिला सबसे ज्यादा प्रभावित बताया जा रहा है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी भर गया है। अधिकारियों के मुताबिक, 33 पंचायतों के करीब 170 गांव प्रभावित हैं। इससे लगभग 3.32 लाख लोग और 75 हजार से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं।

