CM मान की पत्नी पर ₹5 करोड़ रिश्वत मांगने का आरोप: रिटायर्ड जज के बयान पर शिकायत; NHRC ने पंजाब सरकार से रिपोर्ट मांगी
Published:
3 min read

भगवंत मान ने गुरप्रीत कौर से 7 जुलाई 2022 को दूसरी शादी की थी।
नेशनल डेस्क. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरप्रीत कौर की पत्नी से जुड़े एक गंभीर आरोप की जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक रेप केस को दबाने के लिए मुख्यमंत्री की पत्नी की ओर से 5 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। आयोग ने पंजाब सरकार के मुख्य सचिव और राज्य के DGP को नोटिस जारी कर आरोपों की जांच कराने और दो हफ्ते के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, NHRC ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर ये रिपोर्ट मांगी है। मामले पर पंजाब सरकार की तत्काल प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें: पंजाब विधानसभा में हंगामा: कांग्रेस का आरोप- नशे में सदन पहुंचे CM भगवंत मान; सभी विधायकों का अल्कोहल टेस्ट कराने की मांग
पूर्व जज के बयान के आधार पर की गई शिकायत
NHRC की 21 अगस्त की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने दावा किया कि पंजाब के एक रिटायर्ड जज ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि एक रेप केस के सिलसिले में 5 करोड़ रुपए की मांग की गई। शिकायत में इस आरोप को मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी से जोड़ा गया है।
NHRC के एक अधिकारी के मुताबिक, आयोग ने Legal Rights Observatory की ओर से दाखिल शिकायत में लगाए गए आरोप पर संज्ञान लिया है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि अगर मामले में इस तरह का हस्तक्षेप हुआ है तो इससे पीड़िता के सम्मान, सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और न्याय के अधिकार पर असर पड़ सकता है। शिकायतकर्ता ने आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़ा मामला
NHRC सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया पीड़िता के मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े नजर आते हैं। इसके बाद आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव और DGP को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। दोनों अधिकारियों से कहा गया है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाए और दो सप्ताह के भीतर आयोग के सामने एक्शन टेकन रिपोर्ट पेश की जाए।
ये भी पढ़ें: AAP नेता सत्येंद्र जैन गिरफ्तार: दिल्ली जल बोर्ड के टेंडर में भ्रष्टाचार के आरोप में एक्शन; मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 2022 में भी हुई थी गिरफ्तारी
अकाली दल ने AAP सरकार पर निशाना साधा
अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा- ये तो शुरुआत है। जब CM का परिवार रेपिस्ट को बचाने के लिए 5-5 करोड़ रुपए लेने लग गया है। तो इनके OSD और नेताओं के पास कितने पैसे मिलेंगे। जब ये सरकार जाएगी तो पंजाब ये जानकर परेशान हो जाएगी कि इन्होंने राज्य में कैसा डाका डाला है। चाहे ये लोग ऑस्ट्रेलिया भाग जाएं या कहीं भी चले जाएं, पंजाब का लूटे हुए एक एक पैसे का हिसाब अकाली दल लेगा।
क्या है मामला
दरअसल, अमृतसर में एक युवती से कथित रेप के मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही थी। पीड़ित परिवार ने इसे लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की और पुलिस पर जांच न करने का आरोप लगाया। रिटायर्ड जस्टिस रंजीत सिंह ने दावा किया है कि इस मामले को कथित तौर पर दबाने और आरोपी को बचाने के लिए CM भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर की ओर से ₹5 करोड़ की मांग की गई थी।

