असम की छात्रा का आंध्र प्रदेश में मिला शव: विवेक एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी; मैसेज में परिवार से बोला था- डर लग रहा है
Published:
3 min read

आदिवासी छात्रा विशाखापट्टनम से गुवाहाटी जा रही थी। अपने आखिरी मैसेज में उसने बताया कि उसे डर लग रहा है क्योंकि उसके आसपास मेल पैसेंजर मौजूद हैं।
नेशनल डेस्क. असम की 20 साल की आदिवासी छात्रा विशाखापट्टनम से विवेक एक्सप्रेस में सफर के दौरान लापता हो गई थी। उसका शव आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में रेलवे ट्रैक के पास मिला है। कामरुप जिले की रहने वाली छात्रा डांस ग्रुप के साथ विशाखापट्टनम आई थी। वह विवेक एक्सप्रेस ट्रेन से वापस असम लौट रही थी। यात्रा के दौरान वह गायब हो गई थी।
वह गुवाहाटी के बी बरुआ कॉलेज में पढ़ाई करती थी। उसका परिवार कामरूप जिले का रहने वाला है। उसने 5 अक्टूबर को उसने सिल्चर एक्सप्रेस से ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक किया, लेकिन रिजर्वेशन कंफर्म नहीं हुआ।
5 अक्टूबर को विवेक एक्सप्रेस में सवार हुई थी
इसके बाद वह विशाखापट्टनम रेलवे स्टेशन पहुंची और ट्रेन विवेक एक्सप्रेस (Train No. 22503) से असम के लिए निकली। लड़की मां के अनुसार, 5 अक्टूबर को वह रात 11.50 बजे ट्रेन में बैठी। ट्रेन वहां से 12.10AM को निकली। उसे 7 अक्टूबर को सुबह 9.05 AM बजे गुवाहाटी पहुंचना था।
दोस्तों और परिवार से बोला था- डर लग रहा है
उसने अपने आखिरी मैसेज में दोस्तों और परिवार को बताया था कि वह भीड़ में फंसी हुई है, उसके आस पास कई मेल पैसेंजर हैं, उसे डर लग रहा है।
पुलिस के मुताबिक, उसने आखिरी बार अपने दोस्तों से 6 अक्टूबर को दोपहर 1.30 बजे बात की थी। हालांकि परिवार का कहना है कि उससे उनकी आखिरी बात 6 अक्टूबर को 2.39 AM बजे हुई थी। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। बाद लड़की की मां ने गुवाहाटी में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के पास शिकायत दर्ज कराई और रेलवे हेल्पलाइन 139 के जरिए भी इसकी सूचना दी।
जंगली इलाके में मिला शव
ट्रेन के S2 कोच में उसका बैग मिलने के बाद रेलवे पुलिस ने उस रास्ते पर तलाशी की। बताया जा रहा है कि उसका सामान ट्रेन के अंदर ही मिला। बाद में उसका शव श्रीकाकुलम जिले में रेलवे ट्रैक के पास मिला। RPF के एक सूत्र ने NDTV को बताया कि शव आंध्र प्रदेश में मलयापुरम के पास एक जंगली इलाके से बरामद किया गया है। वहीं मौत की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।
यह खबर भी पढ़ें
मैं माफी मांगता हूं: काफिले के लिए एंबुलेंस रोकने पर बोले असम CM सरमा; 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस घटनास्थल पर बॉडी की स्थिति, घाव, गवाहों के बयान, CCTV फुटेज और लापता होने से पहले की गई बातचीत की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह चलती ट्रेन से गलती से गिरीं या उनकी मौत किसी और वजह से हुई। पोस्टमार्टम और आगे की फोरेंसिक जांच से मौत की वजह साफ हो जाएगी। पुलिस उस अनजान व्यक्ति की पहचान करने की भी कोशिश कर रही हैं, जो विशाखापट्टनम प्लेटफॉर्म पर उसके साथ देखा गया था।

