असम में 2 दिन में 17 बांग्लादेशी गिरफ्तार: कुछ होटल में छिपे थे, कुछ ट्रेन में मिले; 4 मददगारों पर भी केस
Published:
2 min read

पुलिस ने अलग-अलग ऑपरेशन में 17 बांग्लादेशियों को पकड़ा है। यह लोग अवैध रुप से भारत में घुसे थे।
नेशनल डेस्क. असम के गुवाहाटी में पुलिस ने दो दिनों में 17 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। पुलिस ने यह कार्रवाई अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान की है। पुलिस के मुताबिक, बांग्लादेशी नागरिक अवैध रुप से बॉर्डर पार करके गुवाहाटी आए थे। इन लोगों की मदद करने के आरोप में 4 लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ऑपरेशन्स) कुलेंद्र नाथ डेका ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। DCP डेका ने कहा- 5 बांग्लादेशी नागरिकों को मंगलवार को पलटन (पान) बाजार रेलवे स्टेशन से लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के अंदर जनरल कोच से पकड़ा था। यह लोग मेघालय के द्वाकी से इंडिया में घुसे थे। वहांं से यह लोग 5 अक्टूबर को गुवाहाटी आए। शहर के एक होटल में अवैध रूप से रुके हुए थे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब इन लोगों से पूछताछ की गई, तो एक व्यक्ति ने बताया कि वह शहर के एक होटल में रुके हुए थे। पुलिस उन्हें उस होटल में लेकर गई। CCTV और अन्य एविडेंस के आधार पर पुलिस ने पान बाजार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है।
मदद करने पर 4 पर मामला दर्ज
पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों की मदद करने, उन्हें भारत में ठहराने और अन्य सुविधा देने के आरोप में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन आरोपियों के नाम हजरत अली, अमितरॉय दोईमरी, विकास पॉल और रंजन धर हैं। DCP के मुताबिक, अमितरॉय दोईमरी होटल का मालिक है, जबकि रंजन धर होटल का मैनेजर है। आरोप है कि हजरत अली ही वह व्यक्ति है, जो बांग्लादेशी नागरिकों को रेलवे स्टेशन से होटल लाने और ले जाने का काम करता था।
यह खबर भी पढ़ें
असम में 9 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार: फेक आधार कार्ड समेत कई दस्तावेज बरामद; अवैध रूप से घुसे थे
एक अन्य होटल से पकड़े गए 13 बांग्लादेशी
वहीं बुधवार को असम पुलिस ने एक अन्य ऑपरेशन में 13 और बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया, सभी लोग 10 से 15 साल तक श्रीनगर में रह रहे थे, हाल ही में वह गुवाहाटी लौटे। वह असम से वापस बांग्लादेश लौटने के लिए किसी नेटवर्क की तलाश में थे। जिससे वह वापस बांग्लादेश जा सकें।
DCP डेका ने कहा- सभी बांग्लादेशी नागरिकों को वापस उनके देश भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। आदेश जारी होते ही सभी लोगों को बांग्लादेश भेजा जाएगा।

