CEC पर INDIA ब्लॉक की बैठक से दूर रहेगी AAP: संजय सिंह बोले- हम उस गठबंधन का हिस्सा नहीं; ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग में साथ देने का भी वादा
Published:
4 min read

लोकसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी INDIA ब्लॉक का हिस्सा थी और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ी थी। लेकिन 2025 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग होकर चुनाव लड़े। तभी से AAP इस गठबंधन से दूरी बनाए हुए है। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। आम आदमी पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को लेकर होने वाली INDIA ब्लॉक की बैठक में वह हिस्सा नहीं लेगी। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी INDIA ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। इसलिए बैठक में हिस्सा लेने का सवाल ही नहीं उठता।
हालांकि उन्होंने यह भी वादा किया कि भले ही वह इस विपक्षी दलों के गठबंधन का हिस्सा न हो लेकिन CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए लाए जाने वाले महाभियोग प्रस्ताव को सपोर्ट करेगी।
दरअसल, INDIA ब्लॉक की बुधवार (30 सितंबर) को नई दिल्ली में बैठक है। इसमें तमाम विपक्षी दलों के बड़े लीडर्स के आने के दावे हैं। यह बैठक पिछले हफ्ते आई इंडियन एक्सप्रेस की उस रिपोर्ट पर आधारित है, जिसमें चुनाव आयोग में मतभेद का खुलासा हुआ था।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, दो चुनाव आयुक्तों ने बीते 10 महीने में 14 बार चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर आपत्ति उठाई थी। ये आपत्तियां वोटर जोड़ने-हटाने, Form 6 में बदलाव, वोटर डेटा के मैनेजमेंट और SIR से जुड़े फैसलों से जुड़ी थी। इस रिपोर्ट के आने के बाद विपक्षी दल चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर हमलावर है। इनका कहना है कि BJP इसी तरह चुनाव आयोग के सहारे सभी चुनाव जीत रही है।
संजय सिंह क्या-क्या बोले?
संजय सिंह ने कहा- AAP बहुत पहले ही यह साफ कर चुकी है कि वह INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। ऐसे में उनकी बैठक में जाने का सवाल ही नहीं है। जहां तक ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का सवाल है तो हम इसमें सभी विपक्षी दलों के साथ खड़े हैं। लोकतंत्र की रक्षा के लिए हम इस लड़ाई में INDIA ब्लॉक का साथ देंगे।
संजय सिंह से इस दौरान जब समाजवादी पार्टी के भी इस बैठक से दूरी बनाने की रिपोर्ट्स पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। उन्होंने कहा- हम देख रहे हैं कि यूपी चुनाव से पहले कांग्रेस किस तरह समाजवादी पार्टी को परेशान कर रही है। वे 403 में से 150 सीट मांग रहे हैं। कभी कहते हैं कि 200 सीट चाहिए तो कभी कहते हैं कि सभी सीटों पर लड़ेंगे। वे इस चुनाव में BJP के खिलाफ लड़ रहे हैं या समाजवादी पार्टी से? उनकी एक्टिविटी देखकर तो लगता है कि वे समाजवादी पार्टी के खिलाफ मैदान में उतरे हैं।

कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में तीन बड़े फैसले
कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) ने मंगलवार (29 सितंबर) को कांग्रेस हेडक्वार्टर में हुई बैठक में तय किया कि पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग पर अड़ी रहेगी। पार्टी ने SIR प्रोसेस को फौरन रोकने और इस दौरान हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों को वोटर लिस्ट में वापस जोड़ने की बात को भी प्रस्तवा में शामिल किया। कांग्रेस ने इस बैठक में पास हुए प्रस्ताव में चुनाव आयोग के कामकाज के तरीके को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया और कहा कि वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर पारदर्शिता जरूरी है।
यह भी पढ़ें...

