अमेरिका के फूड फेस्टिवल में फायरिंग: 3 की मौत, 6 घायल; 'शूटिंग... शूटिंग' चिल्लाते भागे हजारों लोग
Published:
4 min read

अमेरिका के सिएटल शहर में सोमवार की सुबह फूड फेस्टिवल मशहूर बाइट ऑफ सिएटल (Bite of Seattle) के दौरान फायरिंग में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए।
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका के सिएटल शहर में सोमवार की सुबह फूड फेस्टिवल मशहूर बाइट ऑफ सिएटल (Bite of Seattle) के दौरान फायरिंग हो गई। इस हमले में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। घटना के वक्त हजारों लोग फेस्टिवल में मौजूद थे। गोलियां चलते ही पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बाद में सिएटल की मेयर कैटी विल्सन (Katie Wilson) ने बताया कि इस मामले में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
भारतीय समयानुसार तड़के 3.30 बजे फायरिंग
फायरिंग रविवार शाम करीब 6 बजे भारतीय समयानुसार तड़के करीब 3.30 बजे सिएटल सेंटर में हुई, जहां हर साल होने वाला फूड फेस्टिवल चल रहा था। घटना के तुरंत बाद पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेर लिया गया। लोगों से वहां न आने की अपील की गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि हमले की वजह क्या थी और इस वारदात में टोटल कितने लोग शामिल थे।

सोशल मीडिया पर वीडियाे वायरल
फायरिंग का पहला वीडियो एक फूड स्टॉल की लाइव स्ट्रीम में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में एक व्यक्ति जोर-जोर से शूटिंग...शूटिंग... चिल्लाता नजर आ रहा है। इसके कुछ सेकेंड बाद दूसरी आवाज आती है- गेट डाउन... गेट डाउन... और फिर लोग जान बचाने के लिए भागने लगते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग बच्चों को गोद में उठाकर भागते और सुरक्षित जगह तलाशते नजर आए। इसके बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया।
घायलों में 2 साल का बच्चा भी शामिल
सिएटल फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। 6 घायलों को हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल की प्रवक्ता सुसन ग्रेग ( Susan Gregg) ने बताया कि घायलाें में 56 साल की एक महिला की हालत गंभीर बताई गई है। वहीं 2 साल का एक बच्चा, 23 साल का युवक और 39 साल की महिला की हालत स्थिर है। 40 साल की एक अन्य महिला को मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल ने पुष्टि की कि चार घायलों का इलाज जारी है और उनमें से एक मरीज अब भी क्रिटिकल है।
चश्मदीदों ने सुनाई कहानी
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, गोलियां चलते ही पूरा फेस्टिवल कुछ सेकेंड में जंग के मैदान जैसा बन गया। एक महिला ने बताया कि वह दोस्तों के साथ खाना लेकर लौट रही थी, तभी फायरिंग शुरू हो गई और सभी दौड़ पड़े। एक अन्य युवक ने कहा कि पहले तीन-चार धमाकों जैसी आवाज आई, फिर लोग एक-दूसरे को धक्का देकर भागने लगे। कई बच्चों की स्ट्रॉलर सड़क पर गिर गईं और लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़कर निकलने लगे। कुछ लोगों ने घायल लोगों को जमीन पर पड़े भी देखा।
हर साल लाखों लोग पहुंचते हैं इस फेस्टिवल में
बाइट ऑफ सिएटल की शुरुआत 1982 में हुई थी। यह अमेरिका के सबसे बड़े फूड फेस्टिवल में गिना जाता है। हर साल करीब साढ़े तीन लाख लोग तीन दिन तक चलने वाले इस इवेंट में शामिल होते हैं। इस बार भी फूड स्टॉल, म्यूजिक और दूसरे प्रोग्राम चल रहे थे, तभी फायरिंग ने पूरे माहौल को मातम में बदल दिया। पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है।

