11 महीने बाद इमरान खान से मिलीं बुशरा बीबी: वकील बोले- महज 40 मिनट की मुलाकात, इतने कम समय में जरूरी बात नहीं हो सकी
Published:
4 min read

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने 11 महीने बाद मुलाकात की।- फाइल
इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और PTI फाउंडर इमरान खान ने 11 महीने बाद अपनी पत्नी बुशरा बीबी से मुलाकात की। दोनों रावलपिंडी की हाई-सिक्योरिटी अदियाला जेल में मिले। म उन्होंने इमरान की पत्नी बुशरा बीबी से भी मुलाकात की। दोनों कई मामलों में सजा काट रहे हैं और इसी जेल में बंद हैं।
इमरान से उनके चीफ वकील सलमान सफदर ने भी मुलाकात की। सफदर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- करीब 7 महीने बाद मेरी इमरान खान से मुलाकात हुई। वहीं, बुशरा बीबी से वे 11 महीने बाद मिले। यह मुलाकात सिर्फ 40 मिनट चली। इतने कम समय में कानूनी मामलों, कोर्ट पिटीशन्स और पेंडिंग प्रोसेस पर बात करना मुश्किल था।

हेल्थ कंडीशन और केसों पर चर्चा
सफदर के मुताबिक, 40 मिनट की मुलाकात में इमरान खान और बुशरा बीबी ने अपनी हेल्थ कंडीशंस के बारे में जानकारी दी। दोनों ने पेंडिंग कानूनी मामलों पर भी चर्चा की और आगे की लीगल स्ट्रैटेजी को लेकर निर्देश दिए।
डॉन (Dawn) की रिपोर्ट के मुताबिक, PTI के सेंट्रल इंफॉर्मेशन सेक्रेटरी शेख वकास अकरम ने बताया कि इमरान खान से मिलने की इजाजत के लिए कोर्ट में कई पिटीशन दायर की गई थी। इसके बाद उनके वकील और पत्नी को मिलने का टाइम दिया गया।
इससे पहले 8 अप्रैल को वकील से मिले थे इमरान
बता दें कि इससे पहले सफदर ने इमरान खान से 8 अप्रैल को मुलाकात की थी। उन्हें इस्लामाबाद हाई कोर्ट के ऑर्डर के बाद मिलने का मौका दिया गया था। 10 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर भी इमरान को अपने वकील से मिलने का मौका दिया गया था। मुलाकात के बाद सफदर ने इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर चिंता जताई थी।

कोर्ट के आदेश के बावजूद मुलाकातों पर रोक
इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने इमरान खान को हर हफ्ते मंगलवार और गुरुवार को परिवार, वकीलों और पार्टी नेताओं से मिलने की इजाजत दी है। हालांकि, कोर्ट के ऑर्डर के बावजूद जेल एडमिनिस्ट्रेशन सख्ती कर रहा है। इमरान खान के परिवार और PTI लीडर्स को उनसे मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आंखों की बीमारी, प्राइवेट अस्पताल में इलाज की मांग
जनवरी के आखिर में इमरान खान की आंखों की बीमारी राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (Right Central Retinal Vein Occlusion) का पता चला था। इसके बाद पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) में उनकी जांच की गई थी।

इमरान और बुशरा किन मामलों में जेल में बंद हैं
इमरान खान को पहली बार 2023 में तोशाखाना केस में 3 साल की सजा सुनाई गई थी। उन पर सरकारी गिफ्ट की डिटेल छिपाने का आरोप था। अल-कादिर ट्रस्ट केस में 190 मिलियन पाउंड के करप्शन के आरोपों से जुड़े मामले में इमरान खान और बुशरा बीबी को 14-14 साल की जेल हुई है।
तोशाखाना-2 मामले में भी इमरान दोषी करार
वहीं, दिसंबर 2025 में तोशाखाना-2 केस में भी दोनों को दोषी ठहराया गया था। इस मामले में इमरान को 10 साल और बुशरा बीबी को 7 साल की सजा सुनाई गई। इसके अलावा, 9 मई 2023 को हुए दंगों और मिलिट्री बेस पर हमलों से जुड़े कई एंटी-टेररिज्म मामलों में इमरान खान का ट्रायल अभी भी पेंडिंग है।

