पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान की मौत की खबर झूठी: दावा- वे सेहतमंद; पाक रक्षा मंत्री बोले- उन्हें जेल के अंदर VIP सुविधाएं मिल रहीं
Published:
2 min read

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 2023 से रावलपिंडी के अडियाला जेल में बंद हैं।- फाइल फोटो
इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मौत की अफवाह फैलने के बाद, अब रावलपिंडी जेल प्रशासन ने इस मामले पर सफाई दी है। जेल प्रशासन ने बताया है कि इमरान कहां हैं और उनकी सेहत कैसी है। जेल प्रशासन ने गुरुवार को बताया कि इमरान खान की सेहत ठीक है और वह जेल के अंदर ही हैं। जेल के अफसरों ने कहा कि इमरान की सेहत को लेकर आ रही खबरें आधारहीन हैं।
जेल प्रशासन ने कहा- इमरान खान को अडियाला जेल से ट्रांसफर किए जाने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। वह पूरी तरह से सेहतमंद हैं। जेल में उनकी सेहत का सही से ध्यान रखा जा रहा है और पूरा मेडिकल केयर दिया जा रहा है।
ख्वाजा आसिफ बोले- जेल में अच्छी सुविधाएं मिल रहीं
उधर, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया कि इमरान खान को जेल में जरूरत से ज्यादा सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इमरान को फाइव स्टार होटल जैसा खाना दिया जाता है, सेल में टीवी, एक्सरसाइज करने के लिए मशीनें, डबल बेड और वेलवेट मैट्रेस जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। आसिफ ने कहा कि मेरे जेल अनुभव की तुलना में इमरान को बहुत बेहतर माहौल मिल रहा है।
जेल के बाहर हंगामा, PTI सपोर्टर्स और बहनों का प्रदर्शन
इमरान खान की बहनों और PTI समर्थकों ने बुधवार को जेल चेकपोस्ट के पास धरना दिया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। जल्द ही हजारों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और कई जगह धक्का-मुक्की और अफरातफरी की स्थिति बन गई। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि भीड़ ने जेल में घुसने की कोशिश की। बाद में पुलिस और जेल अफसरों ने परिवार को आश्वासन दिया कि मुलाकात की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ।

