नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास दो हेलिकॉप्टर टकराए : लैंडिंग के दौरान रोटर टकराने से हादसा, एक भारतीय की मौत
Published:
3 min read

नेपाल के सोलुखुम्बु में माउंट एवरेस्ट के पास लैंडिंग के दौरान दो हेलिकॉप्टर आपस में टकराकर क्रैश हो गए। हादसे में भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामारामाडु की मौत हो गई।
इंटरनेशनल डेस्क। नेपाल में माउंट एवरेस्ट के पास दो हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद दोनों हेलिकॉप्टर जमीन पर गिरकर क्रैश हो गए। हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक दूसरा शख्स घायल हुआ है।
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतक की पहचान भारतीय नागरिक के तौर पर की है। मृतक का नाम वसंत कुमार बालारामारामाडु (Vasanth Kumar Balaramaramadu) बताया गया है।
काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर हादसा
यह हादसा नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में एक हेलीपोर्ट पर हुआ। यह जगह राजधानी काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर है। हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें लैंडिंग से ठीक पहले दोनों हेलिकॉप्टर के रोटर यानी पंखे आपस में टकराते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों हेलिकॉप्टर नीचे बर्फीली जमीन पर गिर जाते हैं।
नेपाल पुलिस ने हादसे पर क्या कहा
सोलुखुम्बु जिला पुलिस के अफसर नवीन राजा बुधाथोकी ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि एक विदेशी नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल एक दूसरे शख्स को अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस ने मरने वाले की पहचान भारतीय नागरिक के तौर पर की है। हालांकि, हादसे में शामिल दोनों हेलिकॉप्टरों के ऑपरेटर और उनकी फ्लाइट से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
नेपाल में हेलिकॉप्टर क्रैश की घटना आम
नेपाल में अक्सर हेलिकॉप्टर क्रैश की घटनाएं सामने आती है। यहां इसका इस्तेमाल टूरिस्ट, पर्वतारोहियों और जरूरी सामान को ऊंचाई वाले इलाकों तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। इमरजेंसी में लोगों को निकालने के लिए भी हेलिकॉप्टर की मदद ली जाती है।
पहाड़ी इलाकों में हेलिकॉप्टर्स के लिए उड़ान भरना आसान नहीं होता। यहां मौसम तेजी से बदलता है और ऊंचाई पर हवा पतली होती है। इससे हेलिकॉप्टर के पंखों को कम हवा मिलती है और उन्हें ऊपर उठने के लिए जरूरी ताकत कम मिलती है।
नेपाल में दुनिया के 8 ऊंचे पहाड़ मौजूद
नेपाल में दुनिया के 14 सबसे ऊंचे पहाड़ों में से 8 मौजूद हैं। इस वजह से हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्वतारोही और टूरिस्ट यहां पहुंचते हैं। इससे पहले उत्तराखंड में बद्रीनाथ के पास भी एक हेलिकॉप्टर टेकऑफ के कुछ देर बाद क्रैश हो गया था। उस हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हुई थी।

