मिडटर्म इलेक्शन से पहले US का ईरान पर अटैक: केशम आइलैंड पर 5 धमाके; ट्रम्प बोले- समझौता हो सकता है
Published:
3 min read

अमेरिका ने मिडटर्म इलेक्शन से कुछ घंटे पहले ईरान के क्यूशम आइलैंड पर हमला किया।- फाइल फोटो
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका ने मिडटर्म इलेक्शन से कुछ घंटे पहले ईरान के केशम आइलैंड पर हमला किया। यह हमला भारतीय समयानुसार मंगलवार तकरीबन 3:30 बजे से 4:00 बजे को हुआ। अमेरिकी अफसरों के मुताबिक, यह एक कंट्रोल्ड मिलिट्री एक्शन थी। इसका मकसद अमेरिकी ठिकानों को ईरान के हमलों से बचाना था। ईरान न्यूज एजेंसी ने दावा कि केशम आइलैंड पर धमाके की 5 आवाजें सुनी गई।
हालांकि, यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ने और जंग खत्म होने दावा कर रहे हैं। ट्रम्प ने एक दिन पहले ही मीडिया से कहा था कि ईरान के साथ जल्द समझौता हो सकता है।
अमेरिकी अफसर बोले- यह छोटा मिलिट्री एक्शन
वॉल स्ट्रीट जर्नल (Wall street Journal) ने अमेरिकी अफसरों के हवाले से बताया कि US मिलिट्री ने मंगलवार सुबह केशम आइलैंड पर अटैक किया। यह हाल के हफ्तों में ईरान के खिलाफ अमेरिका के छोटा मिलिट्री एक्शन में से एक है।
अमेरिका ने हमलों की जानकारी पब्लिक नहीं की
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने इन हमलों की जानकारी अभी पब्लिक नहीं की है। अफसरों का कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया है, ताकि ईरान को यह ना लगे कि बड़े लेवल पर मिलिट्री ऑपरेशन दोबारा शुरू हो सकता है।
ईरान कर रहा था सरफेस टू एयर मिसाइलों का इस्तेमाल
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, एक अमेरिकी अफसर ने बताया कि ईरान की ओर से अमेरिकी ठिकानों पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन्हीं ठिकानों को निशाना बनाकर जवाबी एक्शन लिया गया। Reuters ने भी दावा किया है कि अमेरिकी अफसरों ने कहा है कि यह एक डिफेंसिव एक्शन था। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड CENTCOM ने इस हमले को लेकर कुछ भी नहीं कहा है।
ईरानी न्यूज एजेंसी का दावा- पांच धमाकों की आवाज सुनी गई
ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने बताया कि केशम आइलैंड पर लगातार पांच धमाकों की आवाज सुनी गई। कुछ लोकल लोगों ने आसमान में दो प्लेन्स को देखने की बात भी कही। ईरान की न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक, कोस्टल सिटी बंदर लेंगेह में भी धमाकों की आवाज सुनी गई। हालांकि, ईरानी अफसरों ने अब तक इन धमाकों की वजह और नुकसान के बारे में साफ जानकारी नहीं दी है।
ट्रम्प बोले- ईरान-अमेरिका के बीच जंग खत्म हो चुकी है
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका में आज यानी 3 नवंबर को मिडटर्म चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों में ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के लिए कांग्रेस यानी संसद में अपना बहुमत बचाए रखना अहम है। सोमवार को ट्रम्प ने कहा था कि ईरान के साथ समझौता हो सकता है।
ट्रम्प से पूछा गया कि क्या वह चुनाव के बाद ईरान पर फिर हमला करने की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्होंने जवाब दिया- नहीं। अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म हो चुकी है और कई महीनों से लड़ाई नहीं हुई है। जल्द ही हमारी ईरान के साथ डील हो सकती है।

