Swiggy Instamart को मिली नई CEO: जानिए कौन हैं नंदिता सिन्हा, जिन्हें मिली क्विक कॉमर्स की बड़ी जिम्मेदारी
Published:
3 min read

नंदिता सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान यूनिलीवर में की थी। (फोटो सोर्स- फॉर्च्यून इंडिया)
बिजनेस डेस्क। स्विगी ने अपने क्विक कॉमर्स बिजनेस इंस्टामार्ट (Instamart) के लिए नए CEO की घोषणा कर दी है। कंपनी ने मिंत्रा की पूर्व CEO नंदिता सिन्हा (Nandita Sinha) को इस पद पर अपॉइंट किया है। वह 3 अगस्त से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
नंदिता, अमितेश कुमार झा की जगह लेंगी। स्विगी (Swiggy) के मुताबिक, अमितेश ने कंपनी छोड़कर नए अवसरों को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। नंदिता सिन्हा का अपॉइंटमेंट ऐसे समय हुआ है, जब भारत के क्विक कॉमर्स मार्केट में कंपटीशन लगातार बढ़ रहा है। Instamart को Blinkit, Zepto, Amazon और Flipkart Minutes जैसी कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है।
कौन हैं नंदिता सिन्हा?
नंदिता सिन्हा के पास रिटेल, FMCG और ई-कॉमर्स सेक्टर में 20 साल से ज्यादा का एक्सपीरियंस है। स्विगी के मुताबिक, उन्होंने मिंत्रा, फ्लिपकार्ट, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) जैसी कंपनियों में काम किया है। उन्हें फैशन, ई-कॉमर्स और FMCG जैसे सेक्टर में कंज्यूमर बिजनेस को आगे बढ़ाने का भी अनुभव है।

HUL से शुरू हुआ करियर, फिर फ्लिपकार्ट और मिंत्रा तक पहुंची
नंदिता सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान यूनिलीवर में की। जहां उन्होंने सेल्स और ब्रांड मैनेजमेंट से जुड़े काम संभाले। इसके बाद वह ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज में प्रोडक्ट मैनेजर बनीं। बाद में उन्होंने बच्चों से जुड़े प्रोडक्ट्स बेचने वाला ऑनलाइन प्लेटफॉर्म माय बेबी कार्ट भी शुरू किया।
उन्होंने 2013 में फ्लिपकार्ट जॉइन किया। यहां 10 साल से ज्यादा समय तक कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। इस दौरान उन्होंने ब्यूटी और पर्सनल केयर, होम एंड फर्नीचर, बुक्स और जनरल मर्चेंडाइज जैसी कई कैटेगरी में काम किया। बाद में वह कंपनी के कस्टमर ग्रोथ और मार्केटिंग की भी जिम्मेदारी संभालने लगीं। उनका फोकस नए ग्राहकों को जोड़ने और मौजूदा ग्राहकों की भागीदारी बढ़ाने पर रहा। जनवरी 2022 में उन्हें मिंत्रा का CEO बनाया गया।
अब Instamart को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी
नंदिता सिन्हा इस साल की शुरुआत तक मिंत्रा की CEO थीं। स्विगी ग्रुप CEO श्रीहर्ष मजेटी ने उनके अपॉइंटमेंट पर कहा, 'नंदिता देश की सबसे एक्सपीरियंस कंज्यूमर इंटरनेट लीडर्स में से एक हैं। उनके पास कस्टमर्स की जरूरतों को समझने और बड़े स्तर पर बिजनेस को बेहतर तरीके से चलाने का अनुभव है।'
यह भी पढ़ें-
HUL का मुनाफा 4% घटा: बिक्री 10% बढ़ी, महंगे कच्चे माल से मार्जिन पर दबाव; शेयर 3.7% फिसला

