Amul ने डेयरी प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाए: 1 किलो घी अब ₹680 का मिलेगा, 500 ग्राम बटर ₹15 महंगा हुआ; दिवाली से पहले प्राइस में बढ़ोतरी
Published:
2 min read

घी की कीमतों में यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब ब्रांडेड घी की डिमांड काफी बढ़ गई है। (फाइल फोटो)
बिजनेस डेस्क। अमूल (Amul) ने दिवाली से पहले घी और बटर (मक्खन) की कीमतें बढ़ा दी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब 1 किलो घी के कार्टन की कीमत 680 रुपए हो गई है। यानी इसके दाम में 50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। जबकि 500 ग्राम बटर के पैक की कीमत 15 रुपए बढ़ गई है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब मार्केट में अमूल के गाय के घी की मांग बढ़ गई है और इसकी कमी भी देखी जा रही है।
ब्रांडेड घी की डिमांड बढ़ी
घी की कीमतों में यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब ब्रांडेड घी की डिमांड काफी बढ़ गई है। गुजरात और राजस्थान में मिलावटी प्रोडक्ट के खिलाफ हुई सख्त कार्रवाई के बाद लोगों ने ब्रांडेड घी की खरीदारी ज्यादा बढ़ा दी है। हालांकि सितंबर में GST में कटौती के बाद रोज इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट्स में काफी कटौती हुई थी। उस समय डेयरी प्रोडक्ट्स पर टैक्स को 12% से घटाकर 5% कर दिया गया था। अब कंपनियां प्रोडक्ट्स के प्राइस में बढ़ोतरी कर रही हैं, जिससे ग्राहक की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
अमूल घी और बटर की कीमतें
बदले हुए दाम के तहत अमूल घी के 1 किलो के कार्टन की कीमत 630 रुपए से बढ़कर 680 रुपए हो गई है। शुद्ध घी के 500 ग्राम के पाउच की कीमत अब 345 रुपए है, जो पहले 325 रुपए थी। दो तरह के पैक साइज में बटर की कीमतें भी बढ़ गई हैं। 100 ग्राम वाले पैक की कीमत अब 63 रुपए से बढ़कर 66 रुपए हो गई है। जबकि 500 ग्राम वाले पैक की कीमत 310 रुपये से बढ़कर 325 रुपये हो गई है।
अमूल प्रोडक्ट | पुराना प्राइस (रुपए) | नया प्राइस (रुपए) | कितने बढ़े दाम (रुपए) |
घी, 1 किलो का कार्टन | 630 | 680 | 650 |
शुद्ध घी, 500 ग्राम का पाउच | 325 | 345 | 20 |
बटर, 100 ग्राम का पैक | 63 | 66 | 3 |
बटर, 500 ग्राम का पैक | 310 | 325 | 15 |
अमूल प्लेटफॉर्म पर घी का दाम
अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गाय का घी 740 रुपए प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपए, शुद्ध घी 700 रुपए और भैंस का घी 720 रुपए प्रति लीटर की कीमत पर लिस्टेड है। हालांकि, प्लेटफॉर्म पर शुद्ध घी, भैंस के घी और एक कॉम्बो पैक सहित कई वैरायटी सोल्ड आउट (बिक चुकीं) दिखाई गई हैं।

