HUL का मुनाफा 4% घटा: बिक्री 10% बढ़ी, महंगे कच्चे माल से मार्जिन पर दबाव; शेयर 3.7% फिसला
Published:
3 min read

HUL का शेयर पिछले एक महीने में करीब 4% तक गिरा है। वहीं, 6 महीने में 13% की गिरावट आई है। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने आज (मंगलवार) फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की अप्रैल-जून क्वार्टर के नतीजे जारी किए। कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 4% घटकर 2,631 करोड़ रहा। पिछले साल इसी क्वार्टर में यह 2732 करोड़ था। कंपनी का कहना है कि रॉ मटेरियल की बढ़ती कीमतों और खर्च में इजाफा से उसके प्रॉफिट पर प्रेशर पड़ा है। हालांकि इस दौरान HUL की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिली।
मार्जिन पर बढ़ी लागत का असर दिखा
HUL के मुख्य परिचालन मार्जिन (Core Earnings Margin) में भी गिरावट दर्ज की गई। जून क्वार्टर में यह 40 बेसिस प्वाइंट घटकर 22.8% रह गया। HUL ने कहा कि कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव अभी भी जारी है और निकट भविष्य में महंगाई का दबाव बने रहने की संभावना है। ऐसे में लागत का असर कंपनी के मार्जिन पर आगे भी देखने को मिल सकता है।
बिक्री में 10% की बढ़त, वॉल्यूम ग्रोथ मजबूत
HUL के लिए राहत की बात यह रही कि कंपनी की बिक्री मजबूत रही। लगातार चल रहे कारोबार से उत्पाद बिक्री 10% बढ़कर 16,514 करोड़ रुपये रही। वहीं, कंपनी की अंडरलाइंग वॉल्यूम ग्रोथ 5% रही, यानी ज्यादा संख्या में उत्पाद बिके। इससे साफ है कि बाजार में HUL के प्रोडक्ट्स की मांग बनी हुई है।
शेयर बाजार में निवेशकों ने दिखाई निराशा
तिमाही नतीजे आने के बाद शेयर बाजार में HUL के शेयर दबाव में आ गए। 28 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे कंपनी का शेयर 3.71% की गिरावट के साथ 2,096.00 रुपए पर कारोबार कर रहा था। निवेशकों की चिंता का कारण मुनाफे और मार्जिन में आई गिरावट रही।
CEO प्रिया नायर ने क्या कहा
HUL की CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर प्रिया नायर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है। सरकार की वित्तीय और मौद्रिक नीतियों से बाजार में मांग का माहौल स्थिर बना रहा।
उन्होंने बताया कि कंपनी ने इस तिमाही में 17,184 करोड़ रुपए का टर्नओवर और 10% अंडरलाइंग सेल्स ग्रोथ (USG) दर्ज की, जिसमें कीमतों और बिक्री की मात्रा दोनों का बराबर योगदान रहा। यह पिछले 13 तिमाहियों का सबसे तेज ग्रोथ है। उनके मुताबिक यह प्रदर्शन मजबूत ब्रांड, बेहतर प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और कंपनी की रणनीति को सही तरीके से लागू करने का नतीजा है।
प्रिया नायर ने कहा कि HUL बाजार का विस्तार, नए बिक्री चैनल जोड़ने और अपने पोर्टफोलियो को मजबूत बनाने पर लगातार निवेश कर रही है। कंपनी का फोकस आगे भी वॉल्यूम आधारित ग्रोथ के जरिए कारोबार को मजबूत बनाने पर रहेगा।
यह भी पढ़ें-

