L&T का Q1 मुनाफा 14% बढ़कर 4123 करोड़ पहुंचा: रिजल्ट के बाद शेयरों में उछाल; ब्रोकरेज बोले- अभी भी खरीदने का मौका
Published:
3 min read

BSE पर L&T का शेयर 3900 रुपए पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 3832.75 रुपए पर बंद हुआ था। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में बुधवार (29 जुलाई) को तेजी देखने को मिली। कंपनी के अप्रैल-जून क्वार्टर (Q1 FY27) के रिजल्ट आने के बाद शेयर करीब 4% तक चढ़ गया। BSE पर L&T का शेयर 3900 रुपए पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 3832.75 रुपए पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान शेयर 3.8% की बढ़त के साथ 3,978 रुपए के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया।
Q1 FY27 में 14% कंपनी का मुनाफा बढ़ा
L&T ने 28 जुलाई को फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के पहले क्वार्टर का रिजल्ट जारी किया। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट (PAT) एनुअल बेसिस पर 14% बढ़कर 4123 करोड़ रहा।
L&T का रेवेन्यू 7% बढ़कर 67942 करोड़ पहुंच गई। इसमें इंटरनेशनल बिजनेस का बड़ा योगदान रहा। विदेश बाजारों से कंपनी को 34393 करोड़ की इनकम हुई, जो टोटल रेवेन्यू का 51% है। हालांकि इस दौरान कंपनी का एबिटा 3% घटकर 6116 करोड़ रहा। एबिटा मार्जिन भी पिछले साल के 9.9% से घटकर 9% पर आ गया।
ऑर्डर बुक मजबूत, नए प्रोजेक्ट्स से उम्मीद बढ़ी
अप्रैल-जून क्वार्टर में L&T को 1,08,014 करोड़ के नए ऑर्डर मिले, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 14% ज्यादा हैं। 30 जून 2026 तक कंपनी की ऑर्डर बुक 7,78,954 करोड़ रही, जो मार्च 2026 की तुलना में 5% ज्यादा है। खास बात यह है कि टोटल ऑर्डर बुक में 52% इक्विटी इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स की है। इसके अलावा कंपनी ने L&T पावर डेवलपमेंट लिमिटेड के L&T में विलय का भी ऐलान किया।

ब्रोकरेज फर्मों ने क्या कहा
तिमाही नतीजों के बाद कई ब्रोकरेज कंपनियों ने L&T पर अपना अपना सकारात्मक नजरिया बरकरार रखा है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने शेयर पर 'Buy' रेटिंग बनाए रखी है। 4,550 रुपए का टारगेट प्राइस दिया है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कारोबार में ऑर्डर 14% बढ़े हैं। इस सेगमेंट की आय में 3% की बढ़त दर्ज हुई है और 7.6% का मार्जिन भी स्थिर बना हुआ है। चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद कंपनी का नेट वर्किंग कैपिटल (NWC) बिक्री का 4.9% और रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 16.1% पर मजबूत बना हुआ है।
मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, FY27 के बाकी नौ महीनों के लिए कंपनी के पास करीब ₹15 लाख करोड़ के संभावित प्रोजेक्ट्स की पाइपलाइन है। मिडिल ईस्ट में दूसरी तिमाही से ऑर्डर मिलने की रफ्तार बढ़ सकती है। साथ ही यूरोप और घरेलू निजी क्षेत्र से भी कंपनी को लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं।
JM Financial ने खरीदारी की सलाह दी
JM Financial ने भी L&T पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है। हालांकि, उसने अपना टारगेट प्राइस 4,700 रुपए से घटाकर 4,640 रुपए कर दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि FY26 से FY28 के बीच कंपनी का EBITDA 16% से ज्यादा की सालाना औसत दर (CAGR) से बढ़ सकता है।
JM Financial का कहना है कि कंपनी के प्रबंधन को भरोसा है कि Q2 FY27 से मिडिल ईस्ट में ऑर्डर मिलने की रफ्तार तेज होगी। किसी भी बड़े प्रोजेक्ट को रद्द नहीं किया गया है। ऐसे में FY27 के लिए कंपनी का 10-12% ऑर्डर ग्रोथ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें-
EPF Money via UPI: PF ट्रांसफर का बदलेगा तरीका, EPFO की UPI क्लेम सर्विस पर आया नया अपडेट

