EPFO अपडेट: जॉब बदलने के बाद PF अकाउंट को कैसे मर्ज करें, जानिए स्टेप-बाय-स्टेप पूरा प्रोसेस
Published:
3 min read

EPFO पोर्टल के जरिए घर बैठे भी PF खाते को आसानी से मर्ज किया जा सकता है। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। प्रोविडेंट फंड (PF) यानी भविष्य निधि आपकी सैलरी का एक हिस्सा होता है, जो रिटायरमेंट के समय काम आता है। अगर आपका सारा पैसा एक ही PF खाते में रहेगा, तो सेविंग देखने में आसानी होगी। जरूरत पड़ने पर पैसा निकालना भी आसान होगा। आज के समय में लोग अक्सर नौकरी बदलते रहते हैं। ऐसे में हर नई कंपनी एक नया PF अकाउंट खोल देती है। अगर इन्हें समय पर मर्ज नहीं किया जाए, तो बाद में ट्रैक करना मुश्किल हो सकता है।
कई PF अकाउंट होने पर क्या दिक्कत आती है
जब आपके पास एक से ज्यादा PF अकाउंट होते हैं, तो हर महीने कटने वाला PF सिर्फ नए खाते में जाता है। पुराने अकाउंट में पैसा जमा रहता है। समय के साथ पुराने खाते की जानकारी भूलने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में अपनी पूरी सेविंग का सही हिसाब रखना मुश्किल हो जाता है। खासकर तब जब आप कई कंपनियां बदल चुके हो।
एक PF अकाउंट रखना क्यों बेहतर है
जब आपको अपना बैलेंस चेक करना हो या पैसा निकालने हो, तो हर अकाउंट को अलग-अलग देखना पड़ता है। अगर पुराने एम्प्लॉयर की जानकारी नहीं है, तो अकाउंट ढूंढना और मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सभी PF खाते को एक में मर्ज करना सबसे आसान और सुरक्षित तरीका है। इससे सारी सेविंग एक जगह आ जाती है। कोई भी पैसा मिस होने का डर नहीं रहता।
PF अकाउंट मर्ज करने से पहले किन बातों का ध्यान रखें
सबसे पहले आपको अपने सभी PF खाते की जानकारी पता होनी चाहिए। इसके बाद चेक करें कि आपका UAN एक्टिव है या नहीं। साथ ही बैंक डिटेल्स सही और अपडेटेड होनी चाहिए। अगर इनमें कोई गलती है, तो करेक्शन कर लें, ताकि ट्रांसफर में कोई परेशानी न आए।
कैसे करें PF अकाउंट मर्ज (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)
स्टेप 1- सबसे पहले EPFO की वेबसाइट पर जाकर UAN नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
स्टेप 2- होमपेज पर 'Online Services' का ऑप्शन दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें।
स्टेप 3- अब 'One Member-One EPFO Account' का ऑप्शन चुनें।
स्टेप 4- इसके बाद मांगी गई जानकारी भरनी होगी। फिर 'Generate OTP' पर क्लिक करें।
स्टेप 5- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP को डालकर वेरिफाई करना होगा।
स्टेप 6- अपने पुराने एम्प्लॉयर की जानकारी भरें और डिक्लेरेशन बॉक्स पर टिक करके फॉर्म सबमिट कर दें।
स्टेप 7- जब आपका PF अकाउंट मर्ज हो जाए, तो एक बार पासबुक में जाकर बैलेंस जरूर चेक करें।
यह भी पढ़ें-
EPFO Update 2026: PF क्लेम सेटलमेंट तेज हुआ, 8 दिन में पैसा मिलेगा; संसद में सरकार ने दी जानकारी
PF बैलेंस कैसे चेक करें: SMS-मिस्ड कॉल से मिलेगी जानकारी, उमंग ऐप और पोर्टल से भी आसानी से होगा चेक

