RG Kar रेप केस: पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष गिरफ्तार; सबूत मिटाने, पीड़िता का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने का आरोप
Published:
3 min read

अगस्त 2024 में कोलकाता के RG Kar हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या कर दी गई थी।
नेशनल डेस्क. RG Kar रेप केस में TMC के पूर्व विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार किया गया है। घोष को जल्दबाजी में ट्रेनी डॉक्टर का अंतिम संस्कार कराने में शामिल होने का आरोप है। कोलकाता के RG Kar हॉस्पिटल में 2024 में ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि पूर्व विधायक निर्मल घोष को ओडिशा के संभलपुर से गिरफ्तार किया गया है। उन पर ये एक्शन RG Kar रेप केस में सबूत मिटाने, साजिश रचने और किसी को उसकी इच्छा के बिना कोई काम करने के लिए मजबूर करने के आरोप में लिया गया है।
दरअसल, पीड़िता डॉक्टर के पिता ने सोमवार को नई शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि निर्मल घोष उन तीन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने उन्हें जल्दबाजी में बेटी का अंतिम संस्कार करने के लिए मजबूर किया था। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को घोष के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
ये भी पढ़ें: RG Kar case: CM सुवेंदु ने कोलकाता के पूर्व कमिश्नर समेत 3 IPS को सस्पेंड किया; जांच में लापरवाही का आरोप
क्या है मामला
दरअसल, अगस्त 2024 में कोलकाता के RG Kar हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था। उसके साथ रेप किया गया था। इस मामले में अस्पताल प्रशासन और पुलिस पर सबूत मिटाने के भी आरोप लगाए थे। हालांकि, देशभर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद हुई जांच में सामने आया था कि डॉक्टर के साथ सिविक वॉलिंटियर संजय रॉय ने रेप किया था और उसकी हत्या कर दी थी।
BJP सरकार में जांच फिर शुरू
RG Kar पीड़िता की मां ने बेटी को न्याय दिलाने के लिए बीजेपी के टिकट पर पानीहाटी से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की। उधर, सुवेंदु अधिकारी ने भी सीएम पद संभालने के बाद RG Kar मामले में कई आदेश दिए हैं। उन्होंने हाल ही में जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने का दबाव डालने वाले लोगों के खिलाफ जांच का आदेश दिया था।
ये भी पढ़ें: RG कर रेप-मर्डर की नए सिरे से जांच होगी: कलकत्ता HC ने CBI के 3 सदस्यों की SIT बनाई, ये किसी से भी पूछताछ कर सकेगी
इससे पहले सुवेंदु अधिकारी ने कहा था कि उनकी सरकार RG Kar मामले में कोलकाता के पूर्व पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल और दो अन्य IPS अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करेगी। उन्होंने कहा, तीनों अधिकारी कथित तौर पर मामले की गड़बड़ी में शामिल थे। इन्होंने पीड़ित के माता-पिता को रिश्वत की पेशकश की और केस के संबंध में बिना अनुमति के प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।

