PCB ने आधे दौरे में आधी टीम वापस बुलाई: कोच सरफराज-गुल भी बाहर; 7 नए प्लेयर और कोच 3 सितंबर को इंग्लैंड पहुंचेंगे
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तान टीम के हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी वापस बुलाया है। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान और ओपनर इमाम उल हक समेत 7 खिलाड़ियों को इमरजेंसी में वापस बुला लिया है। पाकिस्तान टीम को लॉर्ड्स टेस्ट में मिली 194 रन की हार के बाद PCB ने यह फैसला लिया है। सातों प्लेयर्स के अलावा टीम के हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी वापस बुलाया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने रविवार (30 अगस्त) को लंदन में एक इमरजेंसी मीटिंग की थी। इसी मीटिंग में यह फैसला लिया गया। इंग्लैंड ने 3 टेस्ट की घरेलू सीरीज में 2-0 से कब्जा कर लिया है। आखिरी टेस्ट 9 सितंबर से बर्मिंघम में होगा।
7 प्लेयर्स की जगह कौन आया
PCB के मुताबिक, ओपनर इमाम उल हक, अवैस जफर, विकेटकीपर बैटर मोहम्मद रिजवान, ऑलराउंडर सलमान अली आगा, आमिर जमाल, लेफ्ट-आर्म स्पिनर अली उस्मान और राइट-आर्म स्पिनर खुर्रम शहजाद को तीसरे टेस्ट से बाहर कर पाकिस्तान बुला लिया है।।
इनकी जगह टॉप ऑर्डर में सईम अयूब, अब्दुल्लाह फजल, ऑलराउंडर अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान, रजाउल्लाह, पेसर मोहम्मद इमरान जूनियर, विकेटकीपर साद बैग को टीम में शामिल किया गया है।

दोनों कोच की जगह कौन आया
सरफराज और गुल को वापस बुला लिया गया है। पाकिस्तानी बोर्ड ने इन दोनों की जगह व्हाइट-बॉल (वनडे, टी20) फॉर्मेट में टीम के हेड कोच माइक हेसन और एश्ली नोफ्के को रिप्लेस किया है। दोनों कोच और सातों नए प्लेयर 3 सितंबर को इंग्लैंड पहुंचेंगे।
इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान टीम को पहले टेस्ट में पारी और 103 रन से हार झेलनी पड़ी थी। इसके बाद दूसरे टेस्ट में टीम 194 रन से हारी। इस तरह पाकिस्तान टीम ने सीरीज 0-2 से गंवा दी है। अब उसके पास क्लीन स्वीप से बचने और लाज बचाने का ही मौका है।
तीसरे टेस्ट के लिए अपडेट पाकिस्तानी टीम
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान जूनियर, मोहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर) सईम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद और उबैद शाह।

