पाकिस्तानी क्रिकेटर्स पर मैच फिक्सिंग का शक: रिजवान और इमाम के बैंक खातों की जांच जारी, ड्रेसिंग-रूम की बातें भी लीक करने का आरोप
Published: Updated:
4 min read

पाकिस्तान टीम शुरुआती 2 मैच हारकर इंग्लैंड दौरे पर 3 टेस्ट की सीरीज गंवा चुकी है। दोनों हार के बाद PCB ने रिजवान और इमाम समेत 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर वापस बुला लिया था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर मैच फिक्सिंग का मामला सामने आ रहा है। नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान और ओपनर इमाम उल हक के बैंक खातों की जांच कर रही है। पाकिस्तानी जियो न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, इन क्रिकेटर्स पर ड्रेसिंग रूम की बातें लीक करने का भी आरोप है। इसकी भी जांच चल रही है।
हालांकि मैच फिक्सिंग समेत सभी आरोपों को लेकर सिर्फ रिपोर्ट्स में ही दावा किया जा रहा है। इसको लेकर PCB या एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सभी आरोपों को लेकर इन क्रिकेटर्स के जब्त मोबाइल की जांच चल रही है।
संदिग्ध लेने-देन की जांच
सोर्स की मानें तो इस जांच में सबसे जरूरी अवैध लेनदेन है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने से पहले और उसके बाद के लेनदेन की जांच की जा रही है। किसी संस्था या संदिग्ध व्यक्ति से कोई लेनदेन हुआ है या नहीं। यदि हां तो कितना और क्यों लेनदेन हुआ। ऐसे तमाम सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
पुख्ता सोर्स ने बताया कि खिलाड़ियों के मोबाइल से मिले डाटा को उनके वित्तीय लेनदेन की जांच से जोड़ा जा रहा है। मोबाइल से मिले मैसेज, कॉन्टैक्ट और बाकी डिजिटल इन्फॉर्मेशन की फॉरेंसिक एनालिसिस किया जा रहा है।

दोनों प्लेयर से करीब 2 घंटे तक पूछताछ हुई
दूसरा मामला ड्रेसिंग रूम की बातें लीक होने का है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान पाकिस्तान टीम की कई ड्रेसिंग रूम वाली बातें लीक हुई हैं। इसको लेकर भी रिजवान और इमाम के मोबाइल की जांच की जा रही है।
इमाम और रिजवान दोनों गुरुवार को लाहौर में NCCIA के सामने पेश हुए। एजेंसी ने इस दौरान दोनों से करीब 2 घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद दोनों क्रिकेटर्स ने अपने जवाब लिखित में जमा करने के लिए समय मांगा है।
ये भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी 2026 में ईशान के सबसे ज्यादा 409 रन: वैभव के 5 पारी में 192 रन, विकेट के मामले में मुकेश-मुश्ताक सबसे आगे
घरेलू क्रिकेट भी नहीं खेल पाएंगे रिजवान-इमाम
NCCIA अधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों से लेनदेन के साथ ड्रेसिंग रूम की बातें लीक होने को लेकर सवाल किए। इंग्लैंड में प्रैक्टिस सेशन और मैच के दौरान किस-किससे मुलाकात की, इसको लेकर भी सवाल किए।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, रिजवान और इमाम को प्रेसिडेंट ट्रॉफी ग्रेड-1 में भी खेलना था, लेकिन वे अब नहीं खेल पाएंगे। इसका कारण है कि दोनों प्लेयर फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके। यह टेस्ट शुक्रवार को हुआ था। दोनों ने फिटनेस टेस्ट रिपोर्ट ही सब्मिट नहीं की। PCB रूल्स के मुताबिक, प्लेयर को घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए फिटनेस रिपोर्ट पेश करनी जरूरी होती है।
बीच इंग्लैंड दौरे पर किए बदलाव
दरअसल, पाकिस्तान टीम पहले ही इंग्लैंड दौरे पर 3 टेस्ट की सीरीज हार चुकी है। पहले टेस्ट में पारी और 103 रन से हार मिली थी। दूसरा टेस्ट 194 रन से गंवाया था। दोनों हार के बाद PCB ने रिजवान और इमाम समेत 7 खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर वापस बुला लिया था।
इनके अलावा हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी बाहर कर दिया था। रिपोर्ट्स की मानें तो PCB ने सभी प्लेयर्स के मोबाइल भी जब्त कर लिए थे। सोर्स की मानें तो उनके मोबाइल फोन से मिले डेटा से जुड़ी जांच के लिए ही इन प्लेयर्स को नोटिस देकर बुलाया।

