बॉलर्स के डर की वजह से नहीं खेले बाबर-इमाम: पूर्व सिलेक्टर बोले- इमाम को कोई इंजरी नहीं- कामरान का दावा- बाबर को फेल होने का डर था
Published:
4 min read

बाबर आजम लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ 8 रन पर आउट हो गए।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड के दौरे पर दूसरा टेस्ट खेल रही पाकिस्तान टीम पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। पूर्व कप्तान और विकेटकीपर कामरान अकमल के मुताबिक- पहले टेस्ट में कप्तान बाबर आजम जानबूझकर नहीं खेले। उन्होंने इंजरी का बहाना बनाया। इसकी वजह इंग्लिश बॉलर्स के सामने फेल होने का डर था।
दूसरी तरफ, पूर्व ओपनर और हाल तक चीफ सिलेक्टर रहे मोहम्मद वसीम ने लॉर्ड्स के दूसरे टेस्ट में ओपनर इमाम उल हक के बैटिंग न करने पर तंज कसा। वसीम ने कहा- ऐसा उसने पहली बार नहीं किया। मुझे तो खुद फिजियो ने ये बताया था।

बाबर बताए तो कहां है इंजरी
- कामरान ने एक पॉडकास्ट में कहा- हैडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में खेल शुरू होने के अचानक पहले खबर आती है कि कप्तान बाबर आजम के हाथ में इंजरी है, और वो ये टेस्ट नहीं खेलेंगे। पाकिस्तान सिर्फ 10 घंटे में टेस्ट हार गया।
- अकमल ने आगे कहा- पाकिस्तान टीम के ड्रेसिंग रूम में बाबर को कभी हाथ पर पट्टी या ड्रेसिंग कराए नहीं देखा गया। मुझे खुद किसी प्लेयर ने बताया कि बाबर को कोई इंजरी नहीं है। सवाल ये है कि वो वो फिर क्यों नहीं खेले?
- अकमल ने कहा- दरअसलस, हेडिंग्ले में मौसम बहुत ठंडा था और बॉल काफी स्विंग हो रही थी। हमारे स्टार बैटर को बहुत अच्छे से पता था कि जोफ्रा आर्चर जैसे 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बॉलिंग करने वाले बॉलर्स के सामने वो नहीं टिक सकेंगे। इससे उनका रिकॉर्ड खराब होता। दो साल बाद जिद से उन्हें कप्तानी भी मिली है।
आगा भी कप्तानी से बचना चाहते थे
कामरान ने कहा- आप मैच से पहले और मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस देख लीजिए। उस मैच में हमारा कप्तान सलमान अली आगा था। वो नहीं चाहता था कि उसे इन मुश्किल हालात में कप्तानी करनी पड़े, लेकिन वो मजबूर था, क्योंकि और कोई कप्तानी करने तैयार नहीं था।

इमाम को बैठे-बैठे चोट कैसी लगी
- लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में 290 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान 110 पर सिमट गई। खास बात यह रही है कि ओपनर इमाम उल हक एब्सेंट बैटर रहे यानी वो बैटिंग के लिए नहीं आए।
- पूर्व चीफ सिलेक्टर और ओपनर मो. वसीम ने एक इंटरव्यू में कहा- इमाम को मैदान पर कोई चोट नहीं लगी। इसका कोई वीडियो नहीं है। ड्रेसिंग रूम में अचानक क्या हो गया, वो बैटिंग करने ही नहीं आया।
- वसीम ने आगे कहा- 2022 की बात है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच था। इसी दौरान फिजियो ने मुझे आकर बताया कि इमाम मैच नहीं खेलना चाहता। मैंने पूछा ऐसा क्यों? उसने कहा- पता नहीं, लेकिन उसका कहना है कि उसे कुछ इंजरी है।
- वसीम आगे कहते हैं- उस फिजियो ने मुझसे साफ कहा कि इमाम को कोई इंजरी नहीं है, या तो ये टीम पॉलिटिक्स है या फिर वो ऑस्ट्रेलियाई पेस अटैक से बचने का रास्ता तलाश रहा है। इसके बाद जिम्बॉव्वे को आना था। इमाम फौरन फिट हो गया।

हम श्रीलंका और जिम्बॉव्बे से ही जीतेंगे
वसीम ने कहा- हालात ये हैं कि पाकिस्तान टीम अब शायद श्रीलंका और जिम्बॉव्वे से ही जीत सकती है और वो भी अपने घर में। उनकी सरजमीं पर भी ये टीम नहीं जीत सकती। अब इस टीम का क्या होगा? ये कोई नहीं बता सकता।

