ज्यूरिख डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर जीता: बोले- आज बात नहीं जमी; जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.51 मीटर थ्रो कर गोल्ड जीता
Published:
2 min read

नीरज चोपड़ा ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल 2022 जीतने वाले पहले भारतीय है। ( फाइल )
भारत के जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने ज्यूरिख डायमंड लीग के फाइनल मुकाबले में सिल्वर मेडल जीता है। गोल्ड के लिए नीरज की टक्कर जर्मनी के जूलियन वेबर से थी। 27 साल के नीरज, जो आम तौर पर 88 मीटर का थ्रो फेंकते हैं, लेकिन इस लीग में उनकी यह लय दिखी नहीं।
गोल्ड से चूकने के बाद नीरज ने कहा- यह बुरा नहीं था, लेकिन वर्ल्ड चैम्पियनशिप पास आ रही है। मुझे थोड़ा और दूर भाला फेंकना होगा। कुछ बातें अच्छी रहीं और कुछ बातें वैसी नहीं हो पाईं। रन-अप भी अच्छा नहीं रहा और आज बात नहीं जमी।
आखिरी थ्रो से दूसरे नंबर पर पहुंचे
ओलंपिक में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने वाले नीरज ने पहला थ्रो 84.35 मीटर का फेंका। दूसरा थ्रो 82 मीटर का रहा। इसके बाद तीसरा, चौथा और पांचवां थ्रो फाउल हुआ। नीरज ने आखिरी थ्रो 85.01 मीटर का फेंका। इसी ने नीरज को दूसरे नंबर पर पहुंचाया।
बता दें कि नीरज 2022 में ज्यूरिख डायमंड लीग की ट्रॉफी अपने नाम कर चुके। 2023, 2024 और 2025 में वह रनर अप रहे।
वेबर ने 91.37 मीटर थ्रो से जीता टूर्नामेंट
जूलियन वेबर टूर्नामेंट में बेहतरीन लय में थे। उन्होंने पहला थ्रो 91.37 मीटर का और दूसरी बार 91.37 मीटर का थ्रो फेंका था, जो उनका व्यक्तिगत तौर पर बेस्ट थ्रो था। उनके बाद कोई भी एथलीट उनकी बेस्ट दूरी के आस-पास भी थ्रो नहीं फेंक सका। वेबर की बाकी और थ्रो 83.66 मीटर, 86.45 मीटर, 88.66 मीटर और एक फाउल रहे। पिछली बार के चैम्पियन एंडरसन पीटर्स 82.06 मीटर थ्रो के साथ चौथे नंबर पर रहे।
मुझे अभी और ट्रेनिंग करनी है
नीरज ने कहा- मैंने आखिरी चांस में 85 मीटर फेंक दिया था, लेकिन मुझे जूलियन के लिए बहुत खुशी है। उसने वाकई बहुत दूर थ्रो फेंका। अब हम तीन हफ्ते बाद 13 से 21 सितंबर को टोक्यो में होने वाली वर्ल्ड चैम्पियनशिप में मिलेंगे। मुझे अभी और ट्रेनिंग करनी है। इस खेल में कुछ भी तय नहीं रहता, वह दिन पर भी डिपेंड करता है। टोक्यो में सब कुछ अलग होने वाला है।
डायमंड लीग फाइनल 2025
जूलियन वेबर (जर्मनी): 91.51 मीटर
नीरज चोपड़ा (भारत): 85.01 मीटर
केशोर्न वॉलकॉट (त्रिनिदाद एंड टोबैगो): 84.95 मीटर
एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा): 82.06 मीटर
जूलियस येगो (केन्या): 82.01 मीटर
एंड्रियन मार्डारे (मोल्दोवा): 81.81 मीटर
साइमन वीलैंड (स्विट्जरलैंड): 81.29 मीटर

