50 ओवर में 822 रन: 794 रन से मैच जीता, एक ट्रिपल और एक डबल सेंचुरी; जिम्बाब्वे के घरेलू मैच में बना अद्भुत रिकॉर्ड
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. क्या क्रिकेट इतिहास में आपने कभी ऐसा देखा है कि कोई पिच पहली पारी में बल्लेबाजों के लिए जन्नत हो जाए। फिर इसमें बैटिंग करने वाली टीम 50 ओवर के मैच में 822 रन बना दे। अब जब दूसरी पारी शुरू हो तो यह पिच अचानक रूप बदल ले और गेंदबाजों के लिए जन्नत बन जाए।
फिर इसी पिच पर जहां 50 ओवर में 822 रन बने, वहीं विकेट्स की झड़ी लग जाए और बैटिंग करने वाली टीम 28 रन पर ही ढेर हो जाए। इस तरह पहले बैटिंग करने वाली टीम 794 रन से मैच अपने नाम कर ले। ऐसा सबकुछ हकीकत में हुआ है और 50 ओवर के फॉर्मेट में अद्भुत रिकॉर्ड बना है।
तकुंदा मदेम्बो की ट्रिपल सेंचुरी
दरअसल, यह मैच जिम्बाब्वे के घरेलू क्रिकेट में खेला गया, जिसमें स्कॉर्पियन क्रिकेट क्लब और मेथेन लॉयन्स (Scorpion Cricket Club vs Methane Lions) की टीमें आमने-सामने रहीं। यह ऑफिशियल लिस्ट-ए मैच रहा, जिसमें स्कॉर्पियन टीम के कप्तान प्रेज मकाजा (Praise Makaza) ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया।
इसके बाद ओपनर विलफ्रेड मतेंदे (Wilfred Matende) और तकुंदा मदेम्बो (Takunda Madembo) ने 21.3 ओवर में 414 रन की पार्टनरशिप की। तकुंदा ने 143 बॉल पर 302 रन की पारी खेली। इसमें 7 सिक्स और 50 चौके लगाए। जबकि विलफ्रेड ने 75 बॉल पर 203 रन बनाए। उन्होंने 13 सिक्स और 23 चौके लगाए।
हर एक बॉलर ने 100 से ज्यादा रन दिए
आखिर में गेब्रियल जाया (Gabriel Jaya) ने 49 बॉल पर 110 रन बनाए। मेथेन लॉयन्स टीम ने 6 बॉलर आजमाए और हर एक ने 100 से ज्यादा रन दिए। टीम ने कुल 108 रन एक्स्ट्रा दिए, जिसमें 79 वाइड, 23 नो-बॉल और 6 बाई के रन थे। इसके बदौलत स्कॉर्पियन टीम ने 4 विकेट गंवाकर 822 रन बनाए।
जब मेथेन लॉयन्स की टीम 823 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी तो अचानक पूरा मामला ही बदल गया और पिच बॉलर्स की मददगार हो गई। लॉयन्स टीम 7.5 ओवर में 7 विकेट पर 28 रन ही बना की और 794 रन से मैच गंवा दिया। हालांकि 7 विकेट पर ही मैच खत्म क्यों हुआ, इसकी जानकारी नहीं है।
बिहार टीम का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट यानी 50 ओवर फॉर्मेट में किसी टीम का हाइएस्ट स्कोर 574 रन था। यह स्कोर बिहार की टीम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ बनाया था, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 84 बॉल पर 190 रन बनाए थे।

