कोहली को बाथरूम में रोते देखा: चहल ने कहा- 2019 सेमीफाइनल हार के बाद सबको रोते देखा, पूरी टीम सदमे में थी
Published:
2 min read

वर्ल्ड कप 2019 सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को 18 रन से हराया था। कोहली 2025 IPL का फाइनल जीतने के बाद मैदान पर ही रोने लगे थे। (PTI)
भारतीय गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने हाल ही में यूट्यूबर राज शमानी के पॉडकास्ट में अपनी जिंदगी और कॅरियर को लेकर बात की। इस दौरान उनकी पांच साल की शादी, जो हाल ही में तलाक से खत्म हुई, उस पर भी चर्चा हुई। चहल ने शादीशुदा जिंदगी में क्या गलत हुआ, इस पर भी विचार साझा किए। बातचीत के दौरान चहल ने अपने इंटरनेशनल करियर पर भी खुलकर बोला।
विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर चहल ने कहा - मुझे पसंद है कि रोहित भैया मैदान पर खुद को किस तरह संभालते हैं, वह बहुत अच्छे कप्तान हैं। वहीं विराट भैया से मुझे जो ऊर्जा मिलती है, वह हर दिन एक जैसी और बहुत ऊंची रहती है, कभी कम नहीं होती।
कोहली को बाथरूम में रोते देखा
चहल ने 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की हार का भी जिक्र किया, जिसने टीम को झकझोर कर रख दिया था। जब होस्ट ने चहल से पूछा कि क्या उन्होंने कभी विराट कोहली को रोते हुए देखा है, खासकर हाल ही में IPL 2025 फाइनल में जब RCB ने खिताब जीतने के बाद विराट भावुक हो गए थे।
लेग स्पिनर ने कहा- 2019 वर्ल्ड कप में मैंने उन्हें बाथरूम में रोते हुए देखा था। मैं आखिरी बल्लेबाज था, उनके पास से गुजर रहा था, तब उनकी आंखों में आंसू थे। 2019 में मैंने सबको बाथरूम में रोते हुए देखा था, यानी उस दिन पूरी टीम सदमे में थी।
धनश्री को धोखा देने वाले आरोप पर चहल ने कहा - यह सरासर झूठ है
चहल ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी धनश्री के साथ तलाक की बातें काफी समय से चल रही थीं, लेकिन यह बात पब्लिकली सामने नहीं आई थी। उन्होंने कहा - में कभी जिंदगी में किसी के साथ धोखा नहीं किया। मुझे लगता है, जब मेरा तलाक हुआ तो लोगों ने मुझे चीटर कहा। मैंने जिंदगी में कभी चीट नहीं किया।
चहल ने कहा- मुझसे ज्यादा लॉयल इंसान आपको नहीं मिलेगा। मैं हमेशा अपनों के लिए दिल से सोचता हूं। मैं कभी मांगता नहीं, हमेशा देने वाला रहा हूं। जब लोग बिना किसी बात के इल्ज़ाम लगाते हैं, तो आप कुछ और सोचने लगते हैं।

