तलाक के बाद खुदकुशी के ख्याल आते थे : चहल बोले- जिंदगी में मांगा कुछ नहीं, सिर्फ दिया है; 2 साल भी नहीं टिकी धनश्री से शादी
Published:
5 min read

चहल और धनश्री की शादी 22 दिसंबर 2020 को हुई थी। अगस्त 2022 से दोनों अलग रहने लगे थे। फाइनली मार्च 2025 में चहल और धनश्री का तलाक हुआ। (Instagram)
भारतीय टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने पहली बार धनश्री वर्मा से तलाक पर चुप्पी तोड़ी है। चहल ने बताया कि 4-5 महीने बेहद खराब गुजरे थे। उन्हें एंजाइटी हुई थी और सुसाइड के विचार मन में आते थे। चहल ने बताया कि उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था। तब उनके दोस्तों और फैमिली ने उनका साथ दिया और मुश्किल वक्त से निकाला।
चहल ने राज शमानी के पोडकास्ट में कहा, "जब मेरी तलाक की बातें चल रही थीं और जब तलाक हुआ तब मेरे ऊपर चीटर के आरोप लगे। मैंने कभी जिंदगी में चीट किया ही नहीं। मैं ऐसा व्यक्ति ही नहीं हूं। मेरा जैसा ईमानदार इंसान तो मिलेगा ही नहीं। अपनों के लिए मैं हमेशा दिल से सोचता हूं। मैंने कभी मांगा नहीं, हमेशा दिया ही है। जब तुम्हें पता ही नहीं है कि क्या चल रहा है। तुम आरोप लगाए जा रहे हो।"
उन्होंने कहा- "मेरी 2 बहने हैं। मैंने बचपन से उनको देखा है। मुझे पता है कि लड़कियों की कैसे रिस्पेक्ट करनी है। मेरे घरवालों ने मुझे वो चीज सिखाई है। मेरे आसपास के लोगों ने यह चीज सिखाई है। जरूरी नहीं है कि आप किसी के साथ दिख रहे हो तो उसे पास्ट की चीजों से जोड़कर कुछ भी लिख दो व्यूज के लिए। पर आप एक बार रिएक्ट करोगे तो ऐसे 10 लोग और आते हैं। प्रोब्लम ये है सोशल मीडिया का। क्योंकि उनको मसाला मिल रहा है, सबकुछ जानना है। तब मैं कहता हूं कि तुम्हें जो करना है करो। मुझे और मेरे करीबियों को पता है कि मैंने जिंदगी में गलत काम किया ही नहीं है। मैं क्यों किसी को सफाई दूं या प्रूव करूं।"

चीटर के आरोप क्यों लगे?
इन आरोपों पर चहल ने कहा- "क्योंकि लोगों को लग रहा है कि यह ऐसे खुश क्यों है (तलाक के बाद)। ये रो क्यों नहीं रहा। डिप्रेशन में क्यों नहीं है। ये फोटो क्यों नहीं डाल रहा। ये मेरी जिंदगी है। अगर मुझे कुछ चीजें खुशियां दे रही हैं तो मैं वो चीज करूंगा। मेरे साथ 2-3 महीने या 4-5 महीने ऐसे गए हैं। मैं डिप्रेशन में था। मुझे एंजाइटी अटैक आते थे। ये मेरे करीबियों को पता है। मैंने यह उस पर (सोशल मीडिया) डाला नहीं। मेरे साथ ये चीज हो रही है, मुझे सिम्पथी चाहिए, नहीं।"
लेग स्पिनर ने कहा- "मैं यह पहली बार बोल रहा हूं। मुझे प्रोब्लम थे। आत्महत्या के विचार आते थे मन में। मेरे दिमाग ने काम करना ही बंद कर दिया था। एकदम इतनी सारी चीजें देखकर इतनी चीजें हुईं। सबकुछ देखते हुए आप कुछ करते हो। आप अपने बारे में यह चीजें सुन रहे हो या ये चीजें हो रही हैं, तब मेरा स्ट्रॉन्ग पॉइंट मेरा माइंड ही है। वो बिल्कुल एक नम सा हो गया था।"
ये सबकुछ कब से स्टार्ट हुआ?
इस सवाल पर चहल ने कहा- "पहले मुझे बीच-बीच में एंजाइटी होती थी। जब मैं अपने बारे में ज्यादा सोच लेता था। ओवर थिंकर, तो मेरे अंदर से एंजाइटी होना शुरू हो जाती थी। मैं किसी को बताता नहीं था। बीच में मैंने क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था। तब विचार आते थे कि इतना कुछ करने के बाद, सबकुछ है आपके पास फिर भी खुशी नहीं है। तब विचार आता था कि क्या करें इस जीवन का। इसे छोड़ (सुसाइड) देते हैं।"
35 साल के चहल ने कहा- "कई बार ऐसी चीजें फैमिली से शेयर नहीं करते। आप सोचते हैं कि क्यों मैं उन्हें टेंशन दूं। मेरे दोस्तों प्रतीक पंवार, प्रियंक तलान, महविश... और मेरी फैमिली। इन सभी ने मेरी काफी मदद की। सबकुछ छोड़कर मेरे साथ रहे। मेरी एक कॉल पर फ्लॉइट लेकर आना। मेरे साथ रहना। मुझे AC में भी पसीना आता था। दोस्तों और फैमिली को बताने में भी डर लगता था। "
दिसंबर 2020 में शादी, मार्च 2025 में तलाक
चहल और धनश्री दोनों की मुलाकात 2020 में लॉकडाउन के दौरान वर्चुअली तरीके से हुई थी। एक इंटरव्यू में धनश्री ने बताया था कि चहल ने लॉकडाउन के दौरान उनकी ऑनलाइन क्लास में दाखिला लिया था और इस दौरान चहल को उनसे प्यार हो गया था।
ढाई महीने के प्यार के बाद ही चहल और धनश्री ने सगाई कर ली और फिर 22 दिसंबर 2020 को दोनों शादी के बंधन में भी बंध गए। दोनों की शादी दिल्ली में हुई थी। ढाई साल साथ रहने के बाद रिपोर्ट्स के मुताबिक अगस्त 2022 से दोनों अलग रहने लगे थे। फाइनली मार्च 2025 में चहल और धनश्री का तलाक हुआ।
चहल ने 72 वनडे और 80 T20I मैच खेले
धनश्री पेशे से एक डेंटिस्ट रही हैं। फिलहाल वे एक कोरियोग्राफर हैं। उन्होंने डांसिंग को ही अपना करियर चुना है। जबकि चहल ने भारतीय टीम के लिए 72 वनडे में 121 और 80 टी20 इंटरनेशनल में 96 विकेट लिए हैं। उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका नहीं मिल सका है। उन्होंने 2016 में भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। चहल ने भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच 13 अगस्त 2023 को खेला था। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 मैच था।

