युवी के पिता योगराज पर FIR: लुक्खे वेबसीरीज में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, डायरेक्टर पर भी जांच
Published: Updated:
2 min read

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज योगराज सिंह ने टीम इंडिया के लिए 1 टेस्ट और 6 वनडे खेले थे। उन्होंने टेस्ट में 1 और ODI में 4 विकेट लिए थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और अभिनेता योगराज सिंह एक वेब सीरीज के डायलॉग को लेकर विवाद में घिर गए हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और वर्ल्ड कप विनर युवराज सिंह के पिता योगराज की हाल ही में वेबसीरीज लुक्खे (Lukkhe) रिलीज हुई। इसका एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि इसमें योगराज महिलाओं को लेकर अभद्र टिप्पणी करते हुए दिख रहे हैं। पंजाब राज्य महिला कमीशन ने पुलिस जांच के आदेश दिए हैं।
वायरल वीडियो में योगराज सिंह द्वारा बोले गए डायलॉग को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध हो रहा है। लोगों ने इसे महिलाओं की गरिमा का अपमान बताते हुए अभिनेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
डायरेक्टर पर भी जांच होगी
महिला कमीशन की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने पंजाब के DGP को निर्देश दिए हैं कि इस पूरे मामले की जांच किसी सीनियर पुलिस अधिकारी से करवाई जाए। सिर्फ योगराज सिंह ही नहीं, बल्कि वेब सीरीज के लेखक और डायरेक्टर की भूमिका की भी जांच होगी।
उनका कहना है कि इस तरह की भाषा महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के खिलाफ है। किसी भी मंच पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता।
चंडीगढ़ पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है
इधर, चंडीगढ़ पुलिस ने भी इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सेक्टर-36 पुलिस स्टेशन में योगराज सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 और सूचना कानून 2000 की धारा 62A के तहत मामला दर्ज हुआ है।
बताया जा रहा है कि वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद यह मामला दर्ज किया गया।

