यशस्वी अस्पताल में भर्ती: मुश्ताक अली ट्रॉफी में मैच के दौरान पेट दर्द, मेडिकल टीम ने आराम की सलाह दी
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल को पुणे में खेले गए मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मैच के दौरान पेट में दर्द हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मैच के दौरान ही उन्हें पेट में दर्द हो रहा था। कुछ देर बाद यह दर्द तेज हो गया। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।
मैच के बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ी
जायसवाल को मंगलवार को पुणे में मुंबई की टीम की ओर से राजस्थान के खिलाफ मैच खेल रहे थे। मैच के दौरान ही यशस्वी को पेट में ऐंठन और दर्द महसूस हो रहा था। इसके बावजूद उन्होंने मैदान पर खेलना जारी रखा।
मैच खत्म होने के बाद उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट ने उन्हें तुरंत पुणे के आदित्य बिड़ला अस्पताल में भर्ती कराया। रिपोर्ट्स के मुताबिक- यशस्वी को एक्यूट गैस्ट्रोएंटेराइटिस (Acute Gastroenteritis) हुआ है। यह पेट से जुड़ी बीमारी होती है। इसमें तेज दर्द, उल्टी या कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन हुआ
अस्पताल में डॉक्टरों ने यशस्वी का अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन किया और उन्हें जरूरी इलाज दिया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दवाइयां लेने और पूरा आराम करने की सलाह दी है।
मैच ब्रीफ
अगर मैच की बात करें तो यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा। राजस्थान ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई को 217 रनों का बड़ा टारगेट दिया था। जवाब में मुंबई ने 3 विकेट से जीत हासिल की।
मुंबई की जीत में अजिंक्य रहाणे ने 72 रन बनाए। जबकि सरफराज खान ने सिर्फ 22 बाॅल पर 73 रन की पारी खेली। जायसवाल ने इस मैच में 16 बॉल पर 15 रन बनाए और रहाणे के साथ 41 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। हालांकि इसके बाद वह आउट हो गए और मैदान से बाहर चले गए।
लोअर ऑर्डर में अथर्व अंकोलेकर ने भी अहम रन बनाए दिए। उन्होंने सिर्फ 9 गेंदों में 26 रन बनाकर रहाणे का साथ दिया आखिरी में दोनों ने मुंबई को जीत दिलाई।

