लारा-गावस्कर ने की यशस्वी की तारीफ: ब्रायन लारा ने जायसवाल से कहा- हमारे बॉलर्स को इतना मत पीटो; गावस्कर बोले- मैं तुम्हारा दादा हूं
Published:
3 min read

इंडिया-वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट के दौरान ब्रायन लारा और यशस्वी जायसवाल की मुलाकात हुई। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट दिल्ली में खेला जा रहा है। मैच की पहली पारी में ओपनर यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद वेस्टइंडीज के लीजेंड ब्रायन लारा और यशस्वी की मुलाकात हुई। लारा ने 23 साल के जायसवाल की तारीफ करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा - हमारे गेंदबाज को इतना मत पीटो।
जायसवाल ने बड़ी सादगी के साथ कहा - मैं बस कोशिश कर रहा हूं, सर। इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने भी जायसवाल की तारीफ की और उनकी सेंचुरी को डैडी हंड्रेड कहा।
हमारे गेंदबाजों को इतना मत मारो
यशस्वी जब मैदान पर खड़े थे, तभी लारा वहां से गुजर रहे थे। जायसवाल ने उन्हें देखा तो वह दौड़कर उनके पास पहुंचे और फिर पूछा कि - आप कैसे हैं, सर? लारा ने जवाब दिया - अच्छा हूं। फिर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- हमारे गेंदबाजों को इतने बुरी तरीके से मत पीटो।
इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें जायसवाल ने कहा - मैं हमेशा टीम को पहले रखता हूं। उस समय टीम में क्या जरूरी है, मैं कैसे खेल सकता हूं, कौन से शॉट खेलने चाहिए और विकेट कैसा है। अगर मैं क्रीज पर हूं तो मेरी कोशिश रहती है कि लंबी पारी खेल सकूं। मेरा यही माइंडसेट रहता है। अगर शुरुआत बढ़िया मिले, तो उसे बड़े स्कोर में बदलना चाहिए।
जायसवाल ने की सुदर्शन की तारीफ
पहली पारी में यशस्वी और साईं सुदर्शन के बीच दूसरे विकेट के लिए 193 रन की पार्टनरशिप हुई थी। सुदर्शन ने भी 87 रन की पारी खेली। इस पर जायसवाल ने उनकी तारीफ करते हुए कहा - हम मैदान पर यही बात कर रहे थे कि हम क्रीज पर सेट हैं तो हमें लंबी पारी खेलना चाहिए। मौका मिले तो शॉर्ट्स खेलना चाहिए और स्ट्राइक को रोटेट करना चाहिए। सुदर्शन ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।
जायसवाल ने शुभमन गिल की भी तारीफ की
यशस्वी ने कहा - गिल भैया हमेशा की तरह बहुत शानदार बैटिंग कर रहे थे। हम आपस में यही बात कर रहे थे कि अगर हम क्रीज पर टिके हैं, तो इस मौके का फायदा उठाना चाहिए और अपने नेचुरल गेम पर खेलना चाहिए। नई गेंद से रन बनाने का अच्छा मौका मिलता है। उनके साथ बैटिंग करना बहुत अच्छा लगता है। जिस अंदाज में वह खेलते हैं और पारी को आगे बढ़ाते हैं, वह सच में कमाल का होता है।
गावस्कर ने कहा- ऐसे ही शतक लगाते रहो
गावस्कर ने जायसवाल की तारीफ करते हुए कहा - मैं यही कहना चाहता हूं कि तुमने शानदार प्रदर्शन किया। ऐसे ही शतक लगाते रहो, मैं तुम्हारे सेंचुरी को डैडी कहूंगा, क्योंकि मैं तुम्हारा दादा हूं। जायसवाल ने जवाब देते हुए कहा - थैंक्यू सर, मैं बस आपको इतना ही कहना चाहूंगा।

